यूपी के महोबा में खेत में शौच जाने से मना करने पर एक युवक की गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक के घरवालों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। खेत में शौच करने के विवाद को लेकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं जब खेत की ओर अन्य ग्रामीण गए तो खून से लथपथ लाश देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र करवाए। वहीं पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं युवक की हत्या के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस बात को लेकर दोनों युवकों में हुई थी रंजिश
बता दें कि अजनर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैथोरा गांव निवासी जीत विश्वकर्मा ने बताया कि उनके बेटे सोनू विश्वकर्मा ने बीते दिनों राजकुमार राजपूत को खेत में शौच करने से मना कर दिया था। जिसके बाद दोनों के बीच इस बात को लेकर विवाद काफी बढ़ गया था। उस दौरान राजकुमार ने उनके बेटे सोनू को जान से मारने की धमकी दी थी। मृतक सोनू के पिता का आरोप है कि राजकुमार उस घटना के बाद से उनसे रंजिश रखने लगा था। उन्होंने बताया कि बीती रात सोनू फसल की रखवाली करने के लिए खेत गया हुआ था। तभी राजकुमार ने उनके बेटे की कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
इसके बाद जैसे ही मृतक के परिवार को मामले की जानकारी मिली तो वह आनन-फानन में खेत की ओर दौड़ पड़े। लेकिन तब तक सोनू की मौत हो चुकी थी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या के आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी महोबा आर. के गौतम ने बताया कि पुलिस मामले पर कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से मामले की पूछताछ कर रही है। बता दें कि युवक की मौत के बाद परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाने की मांग की है।

महोबा: प्रशासन की बुद्धि-शुद्धि के लिए हिंदू संगठन ने किया हनुमान चालीसा का पाठ, जानिए क्या है पूरा मामला