योगी सरकार के मंत्री गिर्राज सिंह धर्मेश ने बसपा प्रमुख मायावती की तुलना बिजली के तार से की है। उन्होंने कहा-वह मायावती बिजली के तार की तरह हैं, जो भी उन्हें छुएगा वह मर जाएगा। 

लखनऊ. योगी मंत्रिमंडल में नवनियुक्त समाज कल्याण व अनुसूचित जाति/जनजाति मंत्री गिर्राज सिंह धर्मेश ने बसपा प्रमुख मायावती की तुलना बिजली के नंगे तार से की है। कहा कि, मायावती बिजली के एक नग्न तार की तरह हैं, जो भी उन्हें छुएगा वह मर जाएगा। भाजपा ने उन्हें तीन बार मुख्यमंत्री बनाया, भाजपा नेता दिवंगत ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने गेस्ट हाउस कांड में उनकी जान बचाई, लेकिन उन्होंने हमें धोखा दिया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मंत्री ने कांशी राम के निधन पर भी उठाए सवाल
गुरुवार को आगरा में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि, लोकसभा चुनाव में मायावती ने सपा का उपयोग किया और अपनी पार्टी को दस सीटों पर पहुंचाने में कामयाब रहीं, लेकिन चुनाव बाद उन्होंने सपा को धोखा दे दिया। मंत्री ने बसपा संस्थापक कांशी राम के निधन पर भी सवाल उठाए। कहा कि, कांशी राम की स्वाभाविक रूप से मृत्यु नहीं हुई, उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उनका इलाज मायावती की देखरेख में किया जा रहा था। कांशी राम की बहन कह रही हैं कि मायावती ने उनकी हत्या कर दी, मैं सीएम से अपील करूंगी कि इसकी सीबीआई जांच हो। 

आगरा कैंट से विधायक हैं वो, 2017 में जीता पहला चुनाव
मंत्री गिर्राज सिंह आगरा कैंट से विधायक हैं। पेशे से डॉक्टर गिर्राज सिंह साल 1994 से भाजपा से जुड़े हुए हैं। साल 2017 में उन्होंने पहली बार चुनाव जीता था। उन्हें हाल में प्रदेश सरकार के कैबिनेट विस्तार में जगह दी गई है।