एक अजीबोगरीब घटना में अमेरिका के लुइसियाना की एक महिला ने एक ऊंट को दांतों से काट लिया, जिसके बाद ऊंट को एंटीबायोटिक दवाइयां देनी पड़ीं।

ग्रोस टेटे, लुइसियाना। बहुत पुरानी कहावत है कि अगर कुत्ता इंसान को काट ले तो यह कोई खबर नहीं, पर कोई इंसान कुत्ते को काट ले तो यह खबर बन जाती है। कुछ ऐसा ही हुआ अमेरिका के लुइसियाना में। लुइसियाना के ग्रोस टेटे की रहने वाली एक महिला ने एक ऊंट को दांतों से काट लिया। इसके बाद पशु चिकित्सकों ने ऊंट को एंटीबायोटिक दवाइयां दीं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्यों काटा महिला ने ऊंट को
इबेरविले पैरिश शेरिफ के ऑफिस को पिछले सोमवार को इस घटना के संबंध में जानकारी मिली। दरअसल, 68 साल की ग्लोरिया लैंकस्टर और 73 साल के उसके पति एडमंड लैंकस्टर ग्रोस टेटे के टाइगर ट्रक स्टॉप में उस ऊंट के बाड़े में अपने कुत्ते को दिया जाने वाला खाना फेंक रहे थे। वे बाड़े के अंदर चले गए थे। इसके बाद ऊंट भड़क उठा और वह महिला पर झपटा। महिला का कहना है कि ऊंट उस पर गिर गया। ऊंट का वजन 272 किलो था। महिला उसके बोझ से छटपटाने लगी। इसके बाद उसके चंगुल से बचने के लिए उसने ऊंट को काट लिया।

इसके बाद आई पुलिस
इस घटना के बाद वहां पुलिस को आना पड़ा। महिला के पति ने कहा कि ऊंट ने उनके कुत्ते पर हमला कर दिया था, जबकि कुत्ता शांत खड़ा था। वहीं, शेरिफ के ऑफिस ने कहा कि पति-पत्नी ने मिल कर ऊंट को परेशान करने की कोशिश की, इसके बाद ऊंट उस महिला पर चढ़ बैठा। एडमंड ने कहा कि ऊंट ने उसकी पत्नी की कोहनी पर काट लिया, जिसके बाद उसकी पत्नी ने भी खुद को बचाने के लिए उसे काटा। बहरहाल, ऊंट के चंगुल से छूटने के बाद महिला अपने कुत्ते के साथ बाड़े से बाहर निकली। 

क्या कहा टाइगर ट्रक स्टॉप के मैनेजर ने
टाइगर ट्रक स्टॉप के मैनेजर पामेला बॉजियर ने कहा कि महिला का पति जो कह रहा है, वह सिक्युरिटी कैमरे के फुटेज से मेल नहीं खाता है। उसने कहा कि डॉक्टरों ने सावधानी बरतते हुए ऊंट के लिए एंटीबायोटिक दवाइयां प्रिस्क्राइब की हैं। बता दें कि कुछ समय पहले कजाखस्तान के एक चिड़ियाघर में भी एक आदमी शराब के नशे में जिराफ के बाड़े में घुस गया था और वहां उसने काफी उत्पात मचाया था।