ब्राजील की सीमा के निकट पराग्वे की एक जेल से रविवार को 76 ‘‘बेहद खतरनाक’’ कैदी भाग गए इन कैदियों में से कई नशीले पदार्थों एवं हथियार की तस्करी करने वाले ब्राजील के गिरोह के सदस्य हैं

असंशियन: ब्राजील की सीमा के निकट पराग्वे की एक जेल से रविवार को 76 ‘‘बेहद खतरनाक’’ कैदी भाग गए। इन कैदियों में से कई नशीले पदार्थों एवं हथियार की तस्करी करने वाले ब्राजील के गिरोह के सदस्य हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस की प्रवक्ता एलीना एंद्रादा ने बताया कि पेड्रो जुआन कैबलेरो शहर की जेल में कैदियों ने एक सुरंग बनाई थी जिससे होकर वे जेल से भाग गए। इनमें ब्राजील और पराग्वे दोनों के कैदी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे सबसे काबिल कर्मी कैदियों को पकड़ने के लिए सीमा पर गए है।’’

अधिकारियों ने बताया कि कुल 76 कैदी जेल से भाग गए हैं, जिनमें से 40 ब्राजील और 36 पराग्वे के नागरिक हैं। न्याय मंत्री सेसिलिया पेरेज ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए संवाददाताओं से कहा कि कैदियों को सुरंग बनाने में ‘‘कई सप्ताह’’ का समय लगा होगा।

जेल के संरक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है और कई सुरक्षाकर्मियों को भी गिरफ्तार किया गया है। जेल से भागे कैदियों में अधिकतर ‘फर्स्ट कैपिटल कमांड’ गिरोह के सदस्य थे, जो ब्राजील के सबसे ताकतवर गिरोहों में से एक है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)