चीन ने अपनी सैन्य शक्ति दिखाई है। इस दौरान कई हाइपरसोनिक मिसाइलों और एंटी शिप मिसाइलों का प्रदर्शन किया गया। चीन ने ऐसा ड्रोन बनाया है जो पनडुब्बी की तरह पानी के नीचे काम करता है। इससे जासूसी और बारूदी सुरंग बिछाने जैसे काम लिए जा सकते हैं।

China Military Might: चीन ने दूसरे विश्व युद्ध की समाप्ति के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सहित 20 विश्व नेताओं की उपस्थिति में परेड हुआ। इस दौरान हाइपरसोनिक मिसाइलों से लेकर समुद्री ड्रोन तक, कई खास हथियार दिखाए गए। आइए इनके बारे में जानते हैं।

हाइपरसोनिक 'यिंगजी' मिसाइल

परेड में चीन ने कई नई YJ-श्रृंखला की हाइपरसोनिक एंटी-शिप क्रूज मिसाइलें दिखाईं। इनकी रफ्तार 7 मैक (8,350 km/h) तक पहुंच सकती है। ये मिसाइल समुद्र में मौजूद युद्धपोतों पर हमला करने के लिए बने हैं। बहुत अधिक रफ्तार और रास्ता बदलने के चलते एयर डिफेंस सिस्टम से इन्हें रोकना कठिन है।

YJ-21 एंटी-शिप मिसाइल

YJ-21 एंटी-शिप मिसाइल पहले से चीनी युद्धपोतों पर तैनात है। जैसा कि नाम से पता चलता है इन्हें युद्धपोतों को नष्ट करने के लिए बनाया गया है। यह पारंपरिक हाइपरसोनिक क्रूज मिसाइलों से अलग है। यह मिसाइल वायुमंडल से बाहर जाती है। इसके बाद वायुमंडल में फिर से प्रवेश करती है। इस दौरान रफ्तार 7 मैक तक पहुंच जाती है।

DF-5C ICBM

DF-5C ICBM (इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइ) है। इससे परमाणु हमला किया जा सकता है। DF-5C एक बार में कई परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। इन्हें जमीन के नीचे बने साइलो से रखा जाता है।

DF-17 हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल

DF-17 एक पारंपरिक बैलिस्टिक मिसाइल है जो हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल को अंतरिक्ष में लॉन्च करती है। धरती के वायुमंडल में फिर से प्रवेश के समय इसकी रफ्तार मैक 6 से 7 तक जाती है। इससे ग्लाइड व्हीकल को रोकना कठिन होता है। यह लंबी दूरी पर सटीक हमला कर सकती है।

JL-1 एयर लॉन्च न्यूक्लियर मिसाइल

JL-1 न्यूक्लियर मिसाइल है जिसे हवा से लॉन्च किया जा सकता है। इसे H-6 जैसे भारी बमवर्षक विमान से दागा जा सकता है। JL-1 चीन को सैकड़ों किलोमीटर दूर से हवाई परमाणु मिसाइल दागने की क्षमता देता है।

AJX002 अंडर-सी ड्रोन

AJX002 समुद्र के पानी में काम करने वाला ड्रोन है। यह 18 मीटर से ज्यादा लंबा है। इसका आकार टॉरपीडो जैसा है। ड्रोन को पंप-जेट प्रोपल्शन से ताकत मिलती है। ऐसे ड्रोन गुप्त निगरानी करने और ​​बारूदी सुरंग बिछाने जैसे काम कर सकते हैं।

J-20 और J-35 स्टील्थ लड़ाकू विमान

परेड में चीन के 5वीं पीढ़ी के J-20 और J-35 लड़ाकू विमान शामिल थे। J-20 एक एडवांस लंबी दूरी का स्टील्थ जेट है। वहीं, J-35 को एयर क्राफ्ट कैरियर से ऑपरेट किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- क्या है चीन की DF-61 मिसाइल जिसकी जद में अमेरिका समेत पूरी दुनिया

KJ-600 कैरियर AEW विमान

KJ-600 AEW (airborne early warning) विमान है। इसे एयर क्राफ्ट कैरियर से ऑपरेट किया जा सकता है। यह हवाई रडार और कमांड सेंटर की तरह काम करता है।

H-6 बमवर्षक

H-6 स्ट्रैटेजिक बॉम्बर है। यह क्रूज मिसाइल और बैलिस्टिक मिसाइल लेकर उड़ता है। यह विमान चीन को लंबी दूरी तक मार करने की ताकत देता है।