Operation Brahma: म्यांमार में विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है। NDRF की टीम और डॉक्टरों को भेजा गया है। Operation Brahma शुरू किया गया है।

Myanmar Earthquake: पड़ोसी देश म्यांमार में शुक्रवार को आए विनाशकारी भूकंप के चलते मरने वालों की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। बहुत से लापता हैं। एक अमेरिकी एजेंसी ने मरने वालों की संख्या 10 हजार तक पहुंचने की चेतावनी दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस मुश्किल वक्त में भारत ने म्यांमार को मदद देने के लिए Operation Brahma शुरू किया है। इसके तहत NDRF (National Disaster Response Force) के 80 जवानों को राहत और बचाव अभियान में मदद के लिए भेजा गया है। ये जवान अपने साथ कंक्रीट कटर, ड्रिल मशीन, हैमर और प्लाज्मा कटर जैसी मशीनें ले गए हैं। इनकी मदद से मलबे में दबे लोगों की जान बचाई जा सकेगी।

Scroll to load tweet…

NDRF के जवानों को गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से भारतीय वायु सेना (IAF) के दो विमानों से नेपी ताव भेजा गया है। इनका नेतृत्व कमांडेंट पीके तिवारी कर रहे हैं। NDRF के उप महानिरीक्षक मोहसेन शाहेदी ने बताया है कि बचाव अभियान में अगले 24-48 घंटे महत्वपूर्ण हैं। कोलकाता में तैनात एक तीसरी टीम जरूरत पड़ने पर तुरंत तैनाती के लिए तैयार है। इसके साथ ही INSARAG (International Search and Rescue Advisory Group) के मानकों के अनुसार जीवित बचे लोगों का पता लगाने में सहायता करने के लिए चार कुत्तों को भेजा गया है।

घायलों के इलाज के लिए भारत ने भेजे डॉक्टर

भूकंप की चपेट में आकर घायल हुए लोगों के इलाज के लिए भारत ने अपने डॉक्टर म्यांमार भेजे हैं। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने X पर पोस्ट कर बताया कि भारतीय सेना की 118 सदस्यों वाली फील्ड अस्पताल इकाई आगरा से मांडले के लिए रवाना हो गई है। यह टीम म्यांमार के लोगों का इलाज करेगी।

Scroll to load tweet…

मुश्किल वक्त में मदद करने में आगे रहा है भारत

बता दें कि भूकंप और दूसरे आपदा के समय में भारत ने आगे बढ़कर अपने पड़ोसियों और दुनिया के दूसरे देशों की मदद की है। 2015 में नेपाल में भीषण भूकंप आया था तब भारत ने बचाव अभियान के लिए NDRF टीम भेजे थे। इसी तरह 2023 में जब तुर्किए में भूकंप आया तो भारत ने डॉक्टरों की टीम के साथ बचाव कर्मी भेजे।

भूकंप आने पर थाईलैंड जाएंगे नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3-4 अप्रैल 2025 को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक जाने वाले हैं। उन्हें छठे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेना है। भूकंप से इस यात्रा पर असर होगा या नहीं इस बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी की थाईलैंड और श्रीलंका यात्रा यथावत है।"