इराक में एक शादी हॉल में आग लगने से 100 लोगों की मौत हो गई और 150 घायल हो गए। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटना इराक के नीनवे प्रांत के हमदानिया में घटी। 

बगदाद। इराक के नीनवे प्रांत के हमदानिया में शादी हॉल में लगी आग के चलते 100 लोगों की मौत हो गई और 150 घायल हो गए। हॉल को अवैध सस्ती सजावट से डेकोरेट किया गया था। इसके चलते आग हॉल में तेजी से फैली। हॉल के मुख्य गेट पर आग सबसे अधिक थी, जिससे अंदर फंसे लोग वक्त रहते बाहर नहीं आ सके और जल गए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शादी हॉल ईसाई समुदाय का था। राजधानी बगदाद से लगभग 335 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में मोसुल शहर के बाहर यह घटना हुई। यह ईसाई बहुल क्षेत्र है। टेलीविजन फुटेज में दिखाया गया कि शादी हॉल से आग की लपटें तेजी से उठ रही थी। जब तक आग पर काबू पाया गया हॉल पूरी तरह जल गया। हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं। एक वीडियो में दिख रहा है कि दुल्हन दूल्हे के साथ डांस कर रही थी तभी छत से आग के गोले गिरने लगे।

Scroll to load tweet…

हॉस्पिटल में मची अफरा-तफरी

घायलों को स्थानीय अस्पतालों में ले जाया गया। एक साथ इतने अधिक घायल पहुंचने से हॉस्पिटल में अफरा-तफरी दिखी। ऑक्सीजन सिलेंडरों और पट्टी के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ा। स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता सैफ अल-बद्र ने सरकारी इराकी समाचार एजेंसी के माध्यम से हताहतों की संख्या की जानकारी दी। अल-बद्र ने कहा कि हादसे का शिकार हुए लोगों सो राहत प्रदान करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या

प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने आग लगने की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने देश के आंतरिक और स्वास्थ्य अधिकारियों को राहत प्रदान करने के लिए कहा है। निनेवेह के प्रांतीय गवर्नर नजीम अल-जुबौरी ने कहा कि कुछ घायलों को क्षेत्रीय अस्पतालों में भेजा गया है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।

आग लगने के कारण के बारे में तत्काल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। कुर्द टेलीविजन समाचार चैनल रुडॉ के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर आतिशबाजी के कारण आग लगी होगी। विवाह हॉल के बाहरी हिस्से को अत्यधिक ज्वलनशील मटेरियल से सजाया गया था जो अवैध है। सस्ता होने के चलते अवैध होने पर भी इस तरह की सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। आग लगने पर हॉल के कुछ हिस्से कुछ ही मिनटों में ढह गए।