गधों की संख्या के मामले में पाकिस्तान (Pakistan donkeys population) दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा देश है। चीन से पाकिस्तान को गधों की भारी डिमांड आ रही है। चीन पाकिस्तान से कुत्तों का भी आयात करता है।

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में जनसंख्या तेजी से बढ़ रही है। दूसरी ओर खाद्यान्न का उत्पादन घट रहा है। इससे पाकिस्तान में अनाज की कीमत बढ़ रही है। लोगों के लिए दो वक्त का भोजन जुटाना मुश्किल हो रहा है। इन सबके बीच एक मामले में पाकिस्तान तेजी से आगे बढ़ रहा है। वह है गधों की संख्या (Pakistan donkeys population)। पाकिस्तान में पिछले तीन साल में गधों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। गधों की संख्या में यह वृद्धि पाकिस्तान के सबसे करीबी दोस्त चीन के चलते हुई है। चीन से गधों की भारी मांग है। इसके साथ ही चीन कुत्तों का भी आयात करता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पाकिस्तान इकोनॉमिक सर्वे 2022-23 के अनुसार एक साल में देश में गधों की संख्या 57 लाख से बढ़कर 58 लाख हो गई है। 2019-2020 में पाकिस्तान में 55 लाख गधे थे। 2020-2021 में यह संख्या बढ़कर 56 लाख हो गई। पाकिस्तान गधों की संख्या के मामले में दुनिया में तीसरे नंबर पर है। इस मामले में चीन पहले स्थान पर है। चीन में गधों की मांग बहुत अधिक है, जिसके चलते वह इन्हें पाकिस्तान से आयात कर रहा है। डॉन में 2022 में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार चीन अपनी स्थानीय मांग को पूरा करने के लिए पाकिस्तान से गधों और कुत्तों का आयात कर रहा है। चीन में गधों की संख्या में कमी आ रही है।

चीन को क्यों है गधों की जरूरत?

चीन में गधों की त्वचा से Gelatin निकाला जाता है। इसका इस्तेमाल पारंपरिक चीनी दवा बनाने के लिए किया जाता है। इसके लिए गधे की हत्या की जाती है और उसके खाल को उतारा जाता है। इसके बाद खाल को उबालकर Gelatin निकाला जाता है। 2019 में गार्जियन में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, माना जाता है कि Gelatin में ऐसे गुण होते हैं जो इंसान की रोगों से लड़ने की क्षमता को बढ़ाते हैं।

2022 में चीन ने पाकिस्तान से कहा था चाहिए गधे

2022 में चीन ने पाकिस्तान से गधों और कुत्तों के आयात के बारे में बात की थी। जियो न्यूज के अनुसार पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय और सीनेट की स्थायी समिति के अधिकारियों के बीच 2022 में आयात और निर्यात पर एक ब्रीफिंग के दौरान, इसके एक सदस्य दिनेश कुमार ने कहा कि चीन ने पाकिस्तान से गधों और कुत्तों को आयात करने में रुचि दिखाई है।

पाकिस्तान सरकार ने पंजाब प्रांत के ओकारा जिले में 3,000 एकड़ से अधिक का एक फार्म स्थापित किया था। इसका उद्देश्य देश की अर्थव्यवस्था में मदद करने के लिए गधों का निर्यात करना था। चीन पहले गधों को नाइजर और बुर्किना फासो से आयात करता था। इन दोनों पश्चिम अफ्रीकी देशों ने गधों के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया तो चीन पाकिस्तान से गधों का आयात करने लगा।