02:13 AM (IST) Jul 15
लौवर म्यूजियम में स्पेशल डिनर में शामिल हुए पीएम मोदी

पीएम मोदी के लिए दौरे के दूसरे दिन फ्रांस के राष्ट्रपति और उनकी वाइफ ने स्पेशल डिनर होस्ट किया। यह कार्यक्रम फ्रांस के लौवर म्यूजियम में आयोजित किया गया। पीएम मोदी ने फ्रांस के पारंपरिक भोजन के साथ ही कुछ खास किस्म के भोजन का आनंद लिया है। इससे पहले पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और हमने व्यापार सहयोग में विविधता लाने के लिए कई तरीकों पर चर्चा की है। इस दौरान कई कपंनियों के सीईओ से भी मुलाकात की गई।

09:23 PM (IST) Jul 14
पीएम मोदी ने किया ऐलान: मार्सिले शहर में खुलेगा नया वाणिज्य दूतावास

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम मार्सिले शहर में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलेंगे। हम फ्रांस में पढ़ रहे भारतीय मूल के लोगों को दीर्घकालिक वीजा देने के फैसले का स्वागत करते हैं। मैं फ्रांसीसी विश्वविद्यालयों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए आमंत्रित करता हूं। पीएम ने कहा कि भारतीय एथलीट अगले साल के पेरिस ओलंपिक में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं।

 

09:15 PM (IST) Jul 14
हम अंतरिक्ष आधारित समुद्री डोमेन अवेयरनेस जैसे क्षेत्रों में फ्रांस के साथ सहयोग बढ़ा सकते: पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी चंद्रयान-3 के सफल लांचिंग पर बात करते हुए कहा कि आज चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग पर पूरा भारत उत्साहित है। ये हमारे वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत और फ्रांस का पुराना और गहरा सहयोग रहा है। हमारी अंतरिक्ष एजेंसियों के बीच नए समझौते हुए हैं। हम अंतरिक्ष-आधारित समुद्री डोमेन जागरूकता जैसे क्षेत्रों में अपना सहयोग बढ़ा सकते हैं।

 

09:09 PM (IST) Jul 14
यह मेरा नहीं पूरे 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि कल फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने मुझे ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर से सम्मानित किया, जो फ्रांस का सर्वोच्च पुरस्कार है। ये मेरा नहीं बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का सम्मान है

 

09:09 PM (IST) Jul 14
एलएनजी के लिए इंडियन ऑयलय और फ्रांस की टोटल कंपनी में डील का स्वागत

पीएम मोदी ने कहा कि रक्षा संबंध हमेशा हमारे संबंधों का मूल आधार रहे हैं। यह दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास का प्रतीक है। फ्रांस मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत में एक महत्वपूर्ण भागीदार है। चाहे वह पनडुब्बी हो या भारतीय नौसेना के जहाज, हम मिलकर न केवल अपनी बल्कि अन्य मित्र देशों की आवश्यकताओं को भी पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) के निर्यात के लिए इंडियन ऑयल और फ्रांस की टोटल कंपनी के बीच दीर्घकालिक समझौते का स्वागत करता हूं। इससे स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन के हमारे लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।

 

09:04 PM (IST) Jul 14
भारत-फ्रांस संबंधों को आगे ले जाने के लिए अगले 25 वर्षों का बना रहे रोडमैप: पीएम मोदी

फ्रांस के राष्ट्रपति भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हम पिछले 25 वर्षों की मजबूत नींव के आधार पर अगले 25 वर्षों के लिए एक रोडमैप बना रहे हैं। इसके लिए साहसिक और महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए जा रहे हैं। यह भारत के लोगों ने खुद को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस यात्रा में हम फ्रांस को एक स्वाभाविक भागीदार के रूप में देखते हैं।

09:02 PM (IST) Jul 14
फ्रांस के युवा भारत में और भारतीय युवाओं को फ्रांस में पढ़ने का खोलेंगे द्वार:मैक्रां

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने कहा कि हम युवाओं को नहीं भूल सकते। 2030 तक, हम 30,000 फ्रांसीसी छात्रों को वहां (भारत) भेजना चाहते हैं। उन युवा भारतीयों के लिए जो फ्रांस में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, के लिए हम एक अनुकूल वीज़ा नीति बनाना चाहते हैं।

 

09:00 PM (IST) Jul 14
दोनों मिलकर वैश्विक संकट का समाधान ढूंढ़ सकते: इमैनुएल मैक्रां

फ्रांस के राष्ट्रपति भवन में मीडिया को ब्रीफ करते हुए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां ने कहा कि मुझे यहां पेरिस के केंद्र में (बैस्टिल डे परेड में) पंजाब रेजिमेंट को देखकर गर्व हुआ। हम एक ऐतिहासिक विश्वास के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं। हम साथ मिलकर वैश्विक संकट का समाधान ढूंढ सकते हैं।

08:56 PM (IST) Jul 14
पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रां के बीच द्विपक्षीय वार्ता शुरू

पीएम नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय फ्रांस यात्रा के दूसरे दिन राष्ट्रपति मैक्रां और पीएम मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता हो रही है। फ्रांस की मशहूर हस्तियों से मुलाकात के बाद पीएम नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति भवन एलीसी पैलेस पहुंचे हैं। मैक्रां ने प्रधानमंत्री को रिसीव किया। द्विपक्षीय वार्ता के बाद ज्वाइंट स्टेटमेंट जारी होगा। इस वार्ता में कई डिफेंस डील भी फाइनल की जानी है।

08:45 PM (IST) Jul 14
पीएम मोदी पहुंचे पेरिस के एलीसी पैलेस, राष्ट्रपति मैक्रां ने किया स्वागत

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने पेरिस के एलीसी पैलेस में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया।

08:41 PM (IST) Jul 14
लीना नायर बोलीं-पीएम से खादी को ग्लोबल बनाने से लेकर महिला उत्थान को लेकर हुई चर्चा

पीएम से मुलाकात के बाद चैनल कंपनी की सीईओ LeenaNair ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी व्यवसाय में अन्य महिलाओं और लड़कियों को आगे बढ़ाने को लेकर बहुत उत्सुक थे। आप उनका जुनून और प्रतिबद्धता देख सकते हैं। प्रधानमंत्री वास्तव में यह सुनिश्चित करने में रुचि रखते हैं कि भारत सभी के लिए निवेश केंद्र बने। मोदी के साथ भारत के विकास के बारे में बात हुई। विशेष रूप से चिकनकारी, हाथ के कारीगरों को और अधिक बढ़ाया जा सकता है। खादी को कैसे ग्लोबल ब्रांड बनाया जा सकता है उसे लेकर भी बात हुई।

08:35 PM (IST) Jul 14
फ्रांस में अपनी यात्रा के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी ने की विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों से मुलाकात

एयरोस्पेस इंजीनियर और अंतरिक्ष यात्री ThomasPesquet ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद कहा कि पीएम मोदी अंतरिक्ष के बारे में सही तरीके से सोच रहे हैं।अंतरिक्ष का उपयोग नेविगेशन प्रणाली, आपदा राहत, शहरी नियोजन के लिए किया जाता है और उनका ध्यान इन चीजों पर है। भारत सही रास्ते पर है. वह अच्छे फैसले ले रहे हैं। वह अपने लोगों के लिए जगह का इस्तेमाल कर रहे हैं। लोगों को अंतरिक्ष में भेजना बहुत मुश्किल है। भारत अविश्वसनीय गति से ऐसा कर रहा है। Chandrayan 3 लॉन्च करने पर भारत को बधाई।

03:52 PM (IST) Jul 14
परेड के बाद पीएम मोदी और इमैनुएल मैक्रां ने वेटरन्स से मुलाकात की

नेशनल डे परेड के खत्म होने के बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रां और पीएम मोदी ने ग्राउंड में वेटरन्स और कमांडर्स से मुलाकात की है। 

03:17 PM (IST) Jul 14
इंडियन एयरफोर्स के तीन राफेल फाइटर जेट ने फ्रांस के साथ किया फ्लाइ पास्ट

फ्रांस के नेशनल डे परेड में भारतीय सेना का दस्ता भी शामिल हुआ। चैम्प्स एल्सीज यानी फ्रांसीसी राजपथ पर भारतीय वायुसेना के 3 राफेल फाइटर जेट ने फ्रांस के लड़ाकू विमानों के साथ फ्लाईपास्ट किया।

 

03:13 PM (IST) Jul 14
पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना के दस्ते की ली सलामी

फ्रांस के नेशनल डे पर परेड में शामिल पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना के दस्ते की सलामी ली। फ्रांसीसी नेशनल डे पर भारतीय सेना के पंजाब रेजिमेंट का 77 मार्चिंग दस्ता और बैंड के 38 जवान भी शामिल हुए। सेना की टुकड़ी का नेतृत्व कैप्टन अमन जगताप, नौसैनिक दल को नेतृत्व कमांडर व्रत बघेल लीड ने किया। फ्रांस में इंडियन एयरफोर्स के दस्ते का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर सिंदु रेड्डी ने किया।

01:38 PM (IST) Jul 14
बैस्टिल डे परेड में पहुंचे नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैस्टिल डे परेड में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंच गए हैं। उनकी सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। परेड शुरू हो गई है। करीब 6000 जवान मार्च कर रहे हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन भी परेड ग्राउंड पर पहुंच गए हैं। वह खुली जीप में सवार हुए हैं।

01:16 PM (IST) Jul 14
पीएम मोदी ने शेयर की फ्रांस यात्रा के पहले दिन की झलकियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को 2 मिनट 51 सेकंड का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया। इसमें उनकी फ्रांस यात्रा के पहले दिन की झलकियां हैं।

 

 

11:54 AM (IST) Jul 14
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने नरेंद्र मोदी को कहा- पेरिस में हार्दिक स्वागत है

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने हिंदी में ट्वीट कर पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत किया है। उन्होंने ट्वीट किया, "भारत और फ्रांस 25 साल की रणनीतिक साझेदारी तथा विश्वास और दोस्ती के सदैव मजबूत बंधन का जश्न मना रहे हैं। प्रिय नरेंद्र मोदी पेरिस में हार्दिक स्वागत है।"

 

 

10:56 AM (IST) Jul 14
फ्रांस में पीएम मोदी का यह है आज का कार्यक्रम

नरेंद्र मोदी शाम करीब 4:30 बजे नेशनल असेंबली की अध्यक्ष ब्रौन-पिवेट द्वारा आयोजित दोपहर के भोजन में शामिल होंगे। शाम करीब 6:15 बजे पीएम फ्रांस के विभिन्न विचारकों से मुलाकात करेंगे। रात लगभग 8:30 बजे नरेंद्र मोदी एलीसी पैलेस में औपचारिक स्वागत समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद भारत और फ्रांस के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। पीएम प्रेस को अपनी यात्रा और फ्रांस के साथ हुई बातचीत की जानकारी देंगे। रात करीब 10:30 बजे पीएम भारत-फ्रांस सीईओ फोरम में हिस्सा लेंगे। आधी रात को पीएम लौवर संग्रहालय जाएंगे। वह राष्ट्रपति मैक्रों के साथ एफिल टॉवर पर आतिशबाजी देखेंगे।