Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यूक्रेनी सैनिक आत्मसमर्पण करें तो उनकी जान बख्श देंगे। ट्रंप ने पुतिन से यूक्रेनी सैनिकों की सुरक्षा तय करने का आग्रह किया था।

Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने कहा है कि अगर यूक्रेनी सैनिक आत्मसमर्पण कर देते हैं तो उनकी जान बच जाएगी। उन्हें बख्श दिया जाएगा। पुतिन ने ये बातें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे के बाद कही हैं कि उन्होंने पुतिन से यूक्रेनी सैनिकों की सुरक्षा तय करने का आग्रह किया है। ट्रंप ने फोन पर पुतिन से बात की है। उन्होंने युद्ध विराम की उम्मीद जताई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि अगर यूक्रेन के सैनिक सरेंडर करते हैं तो वह उनकी जान बख्श देंगे। पुतिन ने कहा, "सरेंडर की स्थिति में हम गारंटी देते हैं कि उनकी जान बच जाएगी।" इससे पहले ट्रंप ने कहा कि पुतिन के साथ हुई "सकारात्मक" बातचीत हुई है। रूस और यूक्रेन के बीच हो रही लड़ाई के खत्म होने की "बहुत अच्छी संभावना" है।

सोशल मीडिया पर ट्रंप ने पोस्ट किया, "रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हमारी बहुत अच्छी और उपयोगी चर्चा हुई। इस बात की बहुत अच्छी संभावना है कि यह भयानक, खूनी युद्ध समाप्त हो सकता है।" ट्रंप ने कहा कि उन्होंने पुतिन से आग्रह किया है कि पूरी तरह सरेंडर करने वाले यूक्रेनी सैनिकों की जान बख्श दी जाए। ट्रंप ने कहा कि वह चाहते हैं कि रूस और यूक्रेन युद्ध विराम पर सहमत हो जाएं ताकि संघर्ष रोका जा सके।

ट्रंप ने सत्ता संभालने के बाद रोक दी यूक्रेन की मदद

बता दें कि ट्रंप ने सत्ता संभालते ही रूस-यूक्रेन जंग रोकने को लेकर काम शुरू कर दिया था। उनसे पहले जो बाइडेन की सरकार के दौरान यूक्रेन को अमेरिका से खूब मदद मिली। अमेरिका ने यूक्रेन को लड़ाई लड़ने के लिए पैसे और हथियार दिए। ट्रंप ने यूक्रेन को दी जा रही मदद रोक दी है।

अमेरिका ने रूस और यूक्रेन के बीच 30 दिन के युद्ध विराम का प्रस्ताव रखा है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस समझौते पर सहमति जताई है। वहीं, पुतिन ने भी सैद्धांतिक रूप से इस समझौते का समर्थन करने की घोषणा की है।