यूक्रेन पर रूस का हमला (Russia Ukraine war) दूसरे दिन तेज हुआ है। राजधानी कीव पर कई मिसाइल हलमे हुए हैं। यूक्रेन की सेना ने रूस के एक लड़ाकू हेलिकॉप्टर को मार गिराया है। राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद का अनुरोध किया है।

कीव। यूक्रेन पर रूस का हमला (Russia Ukraine war) दूसरे दिन तेज हुआ है। शुक्रवार को राजधानी कीव पर कई मिसाइल हलमे हुए। रूस की सेना कीव तक पहुंच गई है। यूक्रेन की सेना ने रूस के एक लड़ाकू हेलिकॉप्टर को मार गिराया है। वहीं, यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि उसने रूस के एक विमान को भी मार गिराया है। यह विमान एक इमारत पर गिरा। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskiy) ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि अब तक घोषित प्रतिबंध पर्याप्त नहीं हैं। यूक्रेन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि रूसी सेनाएं शुक्रवार को राजधानी कीव के बाहर के इलाकों में प्रवेश करेंगी। यूक्रेन की सेना चार मोर्चों पर अपनी स्थिति की रक्षा कर रही है।

बड़े शहरों में विस्फोटों और गोलियों की बौछार के कारण करीब एक लाख लोगों को घर छोड़कर भागना पड़ा है। दर्जनों लोगों के मारे जाने की खबर है। बेलारूस से कीव की ओर बढ़ते हुए रूसी सैनिकों ने कीव के उत्तर में चेरनोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र को जब्त कर लिया है। अमेरिका और यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि रूस का लक्ष्य कीव पर कब्जा करना और सरकार को गिराना है।

जेलेंस्की ने कहा- मेरे लिए कीव आ रही रूसी सेना
जेलेंस्की ने कहा कि वह समझते हैं कि रूसी सैनिक उसके लिए आ रहे हैं। उन्होंने कीव में रहने की कसम खाई है। जेलेंस्की ने एक वीडियो संदेश में कहा, "दुश्मन ने मुझे नंबर एक लक्ष्य के रूप में चिह्नित किया है। मेरा परिवार नंबर दो लक्ष्य है। वे राज्य के मुखिया को नष्ट करके यूक्रेन को राजनीतिक रूप से नष्ट करना चाहते हैं। मैं राजधानी में रहूंगा। मेरा परिवार भी यूक्रेन में है।"

यह भी पढ़ें- Expert Explains: बहुत ही आसान शब्दों में समझिए रूस-यूक्रेन के बीच विवाद की पूरी कहानी, सिर्फ 20 प्वाइंट में...

बता दें कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से किसी यूरोपीय देश पर यह सबसे बड़ा हमला है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा युद्ध की घोषणा के बाद रूस ने गुरुवार को जमीन, वायु और समुद्र द्वारा आक्रमण शुरू किया था। पुतिन का कहना है कि रूस यूक्रेनी सरकार को अपने ही लोगों के खिलाफ नरसंहार करने से रोकने के लिए एक विशेष सैन्य अभियान चला रहा है।

सूमी में चल रही भीषण लड़ाई
यूक्रेन के आंतरिक मंत्री के सलाहकार एंटोन हेराशचेंको ने कहा कि यूक्रेन की सेना ने शुक्रवार तड़के कीव के ऊपर दुश्मन के एक विमान को मार गिराया। विमान एक आवासीय इमारत पर गिरा, जिसमें उसमें आग लग गई। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि विमान मानवयुक्त था या मिसाइल। कीव नगरपालिका के अधिकारियों ने कहा कि विमान के एक अपार्टमेंट ब्लॉक पर दुर्घटनाग्रस्त होने से कम से कम आठ लोग घायल हो गए।

विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने ट्विटर पर लिखा, "कीव पर भीषण रूसी रॉकेट हमला। पिछली बार हमारी राजधानी ने ऐसा कुछ अनुभव किया था जब 1941 में नाजी जर्मनी द्वारा हमला किया गया था।" वहीं, अधिकारियों ने कहा कि पूर्वोत्तर के सूमी शहर में भीषण लड़ाई चल रही है।

यह भी पढ़ें- Russia Ukraine War: लोग मर रहे हैं और UK की इस टॉप मॉडल को सूझा मजाक; तस्वीर tweet करके लिखा-Just Kidding