Afghanistan पर Taliban के कब्जे के बाद से भारतीयों को सुरक्षित निकालने का सिलसिला जारी है। रविवार को तीन विमानों से 329 भारतीय स्वदेश लाए गए।
नई दिल्ली. Afghanistan पर Taliban के कब्जे के बाद से वहां स्थितियां ठीक नहीं है। ऐसे में दूसरे देशों के लोग अफगानिस्तान छोड़ रहे हैं। इनमें भारतीय भी हैं। केंद्र सरकार लगातार वायुसेना के विमानों के जरिये काबुल हवाई अड्डे से भारतीयों को निकालकर ला रही है। इसी अभियान के तहत एयर इंडिया की फ्लाइट AI972 दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। इससे पहले रविवार रात करीब 1.55 बजे कतर एयरवेज की फ्लाइट QR578 30 भारतीयों को लेकर दोहा से दिल्ली पहुंची थी। इन उड़ानों के जरिये कुल 146 भारतीय यहां लाए गए। इन सभी को रविवार को अफगानिस्तान से रेस्क्यू करके कतर की राजधानी दोहा ले जाया गया था।
2 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले
अफगानिस्तान से लौटे 146 व्यक्तियों का कोरोना टेस्ट किया गया। दिल्ली सरकार में नोडल अधिकारी राजिंदर कुमार ने बताया कि इनमें से 2 लोग पॉजिटिव निकले हैं।
सिखों ने सरकार का आभार जताया
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष और शिअद नेता मनजिंदर एस सिरसा ने कहा-3 श्री गुरु ग्रंथ साहिब और 46 भारतीय पासपोर्ट धारक आज भारत पहुंचेंगे। हम अफगानिस्तान में हिंदुओं-सिखों की मदद करने के लिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हैं। हम काबुल में अल्पसंख्यक लोगों के संपर्क में हैं, जो वहां से आना चाहते हैं।
रविवार को 329 भारतीयों की वापसी
रविवार को तीन विमानों से 390 लोग भारत लौटे। इनमें 329 भारतीय हैं। एयरफोर्स के C-17 एयरक्राफ्ट से 168 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। इनमें 107 भारतीय और 23 अफगानी सिख और हिंदू शामिल हैं। बता दें कि भारतीय अधिकारियों की एक टीम अफगानिस्तान के काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारी अफरा-तफरी के बीच भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए मुस्तैदी से डटी है।
दूसरे देशों की भी मदद कर रहा भारत
अफगानिस्तान में तलिबान के कब्जे के बाद लोग वहां से भाग रहे हैं। भारत अपने नागरिकों के साथ-साथ दूसरे देशों के नागरिकों की मदद कर रहा है। भारत ने लेबनान के नागरिकों को भी सुरक्षित बाहर निकाला है। इस पर लेबनान की सरकार ने भारत सरकार को धन्यवाद दिया है। लेबनान के विदेश मामलों और प्रवासियों के मंत्रालय ने लेबनानी नागरिक, मुहम्मद खत्ताब के मदद के लिए भारत को थैक्स कहा है। लेबनान के विदेश मामलों और प्रवासियों के मंत्रालय के अनुसार, अफगानिस्तान के ट्रेम्पलिन में भारतीय कंपनी ओरेकल के लिए काम करने वाले मुहम्मद खत्ताब तलिबान के कब्जे के बाद वहां फंस गए थे। मंत्रालय ने कहा- कठिन परिस्थितियों में अफगानिस्तान से उन्हें निकालने के लिए भारत के अथक प्रयास के लिए धन्यवाद और आभार।
अमेरिका ने तालिबान को चेताया
Afghanistan पर Taliban के कब्जे के बाद वहां से अपने लोगों को निकालने तमाम देश लगातार प्रयासरत हैं। काबुल हवाई अड्डे पर अभी भी हजारों लोग मौजूद हैं। हवाई अड्डे पर अभी अमेरिकी सेना का कब्जा है। तालिबान कई बार देश छोड़कर जा रहे लोगों को रोक रहा है। बाधाएं पैदा कर रहा है। इस बीच रविवार को अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जेक सुलिवन ने तालिबान को चेतावनी दी है कि अगर उसने काबुल हवाई अड्डे से लोगों की निकासी में रोड़ा बनने की कोशिश की, तो उसे वाशिंगटन यानी अमेरिकी सरकार तुरंत जवाब देगी।













