नाटो के महासचिव मार्क रूट ने दावा किया है कि ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ का असर रूस पर पड़ रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने व्लादिमीर पुतिन से बात की है और यूक्रेन को लेकर उनकी रणनीति पूछी है।
Russia Ukraine War: अमेरिका के नेतृत्व वाले पश्चिमी सैन्य संगठन नाटो के महासचिव मार्क रूट ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाया गया टैरिफ काम कर रहा है। भारत पर लगाए गए टैरिफ से रूस प्रभावित हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की है। उनसे यूक्रेन को लेकर मास्को की रणनीति पर स्पष्टीकरण मांगा है।
पुतिन से फोन पर बात कर रहा भारत
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान CNN से बात करते हुए रूट ने कहा, "भारत पर ट्रंप के टैरिफ का रूस पर बड़ा असर पड़ रहा है। भारत पुतिन से फोन पर बात कर रहा है। नरेंद्र मोदी उनसे यूक्रेन पर अपनी रणनीति समझाने के लिए कह रहे हैं। क्योंकि भारत पर टैरिफ का असर पड़ रहा है।"
भारत के खिलाफ लगाए गए टैरिफ का रूस पर पड़ रहा असर
यह पूछे जाने पर कि क्या ट्रंप रूस पर व्यापक प्रतिबंध लगाएंगे? मार्क रूट ने कहा, "उन्होंने पहले ही ऐसा कर दिया है। हमने देखा है कि उन्होंने क्या किया।" जब उनसे कहा गया कि "बड़े प्रतिबंध" अभी तक लागू नहीं किए गए हैं तो रूट ने भारत के खिलाफ टैरिफ कार्रवाई की ओर इशारा करते हुए कहा: "ओह, भारत पर बड़ा प्रतिबंध।" रूट ने कहा,
इसका रूस पर तत्काल प्रभाव पड़ेगा। दिल्ली अब मास्को में व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात कर रही है। नरेंद्र मोदी उनसे पूछ रहे हैं, मैं आपका समर्थन करता हूं, लेकिन फिर से, क्या आप मुझे रणनीति समझा सकते हैं? मैं अमेरिका द्वारा लगाए गए 50% टैरिफ से प्रभावित हो गया हूं। ट्रंप जो कहते हैं वह करते हैं। निश्चित रूप से हम इस बात से खुश नहीं हैं कि अब तक हम सामूहिक रूप से युद्ध समाप्त करने में सक्षम नहीं हो पाए हैं। वह इस पर काम कर रहे हैं।
भारत ने खारिज किया मार्क रूट का दावा
भारत ने मार्क रूट के दावे को खारिज किया है। कहा है कि रूट ने जो कहा वह तथ्यात्मक रूप से गलत और पूरी तरह से निराधार है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई। नाटो प्रमुख को भविष्य में सावधानी बरतनी चाहिए।
विदेश मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है, "हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच कथित फोन पर हुई बातचीत के बारे में नाटो महासचिव मार्क रूटे का बयान देखा है। यह बयान तथ्यात्मक रूप से गलत और पूरी तरह से निराधार है। प्रधानमंत्री मोदी ने कभी भी राष्ट्रपति पुतिन से उस तरीके से बात नहीं की जैसा बताया जा रहा है। ऐसी कोई बातचीत हुई ही नहीं है।"
अमेरिका ने भारत पर लगाया है 50% टैरिफ
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आयात होने वाले सामानों पर 25% पारस्परिक शुल्क और भारत द्वारा रूसी तेल आयात पर 25% अतिरिक्त जुर्माना लगाया है। इस तरह कुल टैरिफ 50% हो गया है। अमेरिका ने कहा है कि भारत तेल खरीदकर रूस को यूक्रेन में लड़ाई के लिए पैसे दे रहा है। ट्रंप ने नाटो सदस्यों से रूसी तेल आयात कम करने और चीन पर भी इसी तरह के शुल्क लगाने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़ें- 100% Tariff: डोनाल्ड ट्रंप ने दिया एक और झटका, विदेशी दवाओं पर 100% टैरिफ, जानें कब से होगा लागू
भारत ने अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ को अनुचित बताया है। इसके साथ ही यह भी साफ कह दिया है कि रूस तेल की खरीद बंद नहीं होगी। भारत अमेरिकी दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है। भारत ने कहा है कि यूरोप के देश और नाटो के सदस्य देश रूस से कारोबार कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अलास्का की ओर बढ़े परमाणु हमला करने वाले रूसी विमान, भगाने के लिए अमेरिका ने किया ये काम
