Adani Enterprises Share Price: $1 बिलियन की एयरपोर्ट डील से शेयर में लौटी तूफानी तेजी है। 32% रिटर्न देकर स्टॉक निफ्टी का टॉप परफॉर्मर बना। जानें क्या कह रहे एक्सपर्ट्स।

Adani Enterprises Share Buy or Sell: शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच अडानी ग्रुप की प्रमुख कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के शेयरों में बुधवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी का शेयर 6% से ज्यादा की छलांग लगाकर ₹3,132.90 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। इस अचानक आई रैली की मुख्य वजह कंपनी के एयरपोर्ट कारोबार से जुड़ी एक मेगा डील है, जिसमें दुनिया के दिग्गज ग्लोबल इन्वेस्टर्स ने ₹9,825 करोड़ (करीब $1 बिलियन) लगाने का ऐलान किया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इस भाव पर शेयर में फ्रेश एंट्री सही है या नहीं? जानिए मार्केट एक्सपर्ट्स क्या कह रहे हैं...

अडानी एंटरप्राइजेज की ₹9,825 करोड़ की मेगा डील क्या है?

अडानी एंटरप्राइजेज की सहायक कंपनी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) में 5.54% हिस्सेदारी बेची जा रही है। इस निवेश सौदे में दुनिया के जाने-माने फंड्स शामिल हैं। इनमें ब्लैकरॉक (BlackRock) द्वारा मैनेज किए जाने वाले फंड्स टेमासेक (Temasek), प्रेमजी इन्वेस्ट (Premji Invest) और अल्फा वेव ग्लोबल (Alpha Wave Global) जैसे बड़े नाम हैं। ये निवेश तीन किस्तों (Tranches) में जुलाई 2027 तक पूरा होगा। इस डील के जरिए अडानी के एयरपोर्ट बिजनेस की प्री-मनी इक्विटी वैल्यूएशन करीब 18 अरब डॉलर (करीब ₹1.5 लाख करोड़) आंकी गई है, जो कंपनी की वैल्यू अनलॉकिंग का साफ संकेत है।

अडानी ग्रुप इन पैसों से क्या करेगा?

कंपनी ने साफ किया है कि जुटाए गए करीब ₹10,000 करोड़ का इस्तेमाल देश भर के एयरपोर्ट्स के विस्तार और आधुनिकीकरण में होगा। एयरपोर्ट की क्षमता को सालाना 20 करोड़ यात्रियों को संभालने लायक बनाया जाएगा। पहले फेज में 2.2 करोड़ वर्ग फुट में 'एयरपोर्ट सिटी' (होटल, कमर्शियल स्पेस और रिटेल) बनाई जाएगी। ग्राउंड हैंडलिंग, शॉपिंग, डाइनिंग और पैसेंजर सर्विसेज से इनकम बढ़ाने पर जोर रहेगा।

अडानी एंटरप्राइजेज की डील से बाजार में क्यों मचा उत्साह?

इस डील के आते ही बुधवार सुबह 10:30 बजे तक बीएसई और एनएसई दोनों पर कुल 30 लाख से ज्यादा शेयरों की भारी ट्रेडिंग हुई। अडानी एंटरप्राइजेज के साथ-साथ ग्रुप के बाकी स्टॉक्स में भी तेजी लौट आई। अडानी पोर्ट्स 3% और अडानी ग्रीन करीब 3.6% मजबूत हुए। अडानी पावर, टोटल गैस और एनडीटीवी भी 1 से 2% हरे निशान में रहे।

अडानी एंटरप्राइजेज शेयर का परफॉर्मेंस

अडानी एंटरप्राइजेज इस साल निफ्टी-50 का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाला शेयर बना हुआ है। साल 2026 में अब तक यह शेयर 32% से ज्यादा चढ़ चुका है, जबकि पिछले 6 महीनों में इसमें 50% से अधिक की तेजी आई है। 5 साल के नजरिए से देखें तो यह शेयर 100% से अधिक का रिटर्न दे चुका है।

अडानी एंटरप्राइजेज शेयर को क्या ₹3,130 के पार खरीदारी करना सही है?

मार्केट एनालिस्ट्स का मानना है कि एयरपोर्ट जैसे मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट में ब्लैकरॉक और टेमासेक जैसे लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टर्स का आना यह दिखाता है कि कंपनी पिछले संकटों से पूरी तरह बाहर आ चुकी है। हालांकि, जानकारों का ये भी कहना है कि अडानी एंटरप्राइजेज एक 'हाई-बीटा' (ज्यादा उतार-चढ़ाव वाला) स्टॉक है। पहली तिमाही में कंपनी को सेटलमेंट से जुड़े असाधारण खर्च की वजह से ₹1,160 करोड़ का नेट लॉस हुआ था। अगर उस वन-टाइम खर्च को हटा दें, तो कंपनी ₹1,295 करोड़ के मुनाफे में थी। ऐसे में सिर्फ वही निवेशक नई खरीदारी या होल्डिंग जारी रखने का रिस्क लें, जिनकी जोखिम उठाने की क्षमता (Risk Appetite) ज्यादा है।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और सूचना के उद्देश्य से है। इसे निवेश की सलाह न माना जाए। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश या ट्रेड से पहले अपने फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह जरूर लें।