रिलायंस ने 'बॉम्बे क्रीमरी' नाम से नया आइसक्रीम ब्रांड लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती कीमत सिर्फ 10 रुपये है। असली दूध से बनी यह आइसक्रीम जल्द ही पूरे भारत में उपलब्ध होगी।
मुंबईः आइसक्रीम मार्केट में मुकाबला और कड़ा होने वाला है, क्योंकि अब रिलायंस ने भी इस सेगमेंट में एंट्री कर ली है। रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने 'बॉम्बे क्रीमरी' नाम से अपना नया आइसक्रीम ब्रांड बाजार में उतारा है। इस ब्रांड का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी कीमत है। बॉम्बे क्रीमरी की आइसक्रीम सिर्फ 10 रुपये की शुरुआती कीमत पर मिलेगी।
कंपनी ने बताया कि ये आइसक्रीम कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे कई अलग-अलग फॉर्मेट में उपलब्ध होगी। रिलायंस का दावा है कि कीमत कम होने के बावजूद क्वालिटी से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि सभी आइसक्रीम असली दूध से बनाई जाएंगी। पहले फेज में, यह ब्रांड महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद, रिलायंस अपने बड़े डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क और रिटेल स्टोर्स के जरिए इसे पूरे भारत में उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है।
अनंत अंबानी के 'वंतारा क्रीमरी' के बाद नया ब्रांड
दिलचस्प बात यह है कि रिलायंस का यह ऐलान अनंत अंबानी के 'वंतारा क्रीमरी' के लॉन्च के कुछ ही महीनों बाद आया है। 'वंतारा' अनंत अंबानी का एक वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन प्रोजेक्ट है, जिसके तहत 'वंतारा क्रीमरी' नाम से एक प्रीमियम आइसक्रीम ब्रांड शुरू किया गया था। वंतारा क्रीमरी पूरी तरह से देसी स्वाद वाली प्रीमियम आइसक्रीम बनाती है, जो छोटे बैच में तैयार की जाती है।
वंतारा क्रीमरी ने मलाई कुल्फी, अमरूद-मिर्च, फिल्टर कॉफी, लेमन सॉर्बेट और केसर पेड़ा जैसे 17 अनोखे फ्लेवर पेश किए थे। कुल मिलाकर, 'बॉम्बे क्रीमरी' के आने से अंबानी परिवार की तरफ से कुछ ही महीनों के अंदर दो अलग-अलग आइसक्रीम ब्रांड भारतीय बाजार में आ गए हैं।
