RRB Group D Result 2026 जारी हो चुका है। जानिए रिजल्ट के बाद PET, Document Verification, Medical Test और Final Selection की पूरी प्रक्रिया।

RRB Group D Result 2026 Out: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप डी भर्ती परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल कैंडिडेट RRB की रीजनल ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। बता दें कि भारतीय रेलवे में अलग-अलग लेवल-1 पोस्ट पर 32,438 वैकेंसी के लिए RRB ग्रुप D भर्ती परीक्षा 27 नवंबर, 2025 और 10 फरवरी, 2026 के बीच आयोजित की गई थी। बोर्ड के अनुसार, परीक्षा में लगभग 1.08 करोड़ उम्मीदवार शामिल हुए थे। जिन उम्मीदवारों का रोल नंबर शॉर्टलिस्टेड सूची में शामिल है, उनके लिए अब असली चुनौती शुरू होने वाली है। सिर्फ CBT परीक्षा पास कर लेना अंतिम चयन की गारंटी नहीं है। इसके बाद उम्मीदवारों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET), डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और मेडिकल एग्जामिनेशन (ME) जैसी अहम प्रक्रियाओं से भी सफलतापूर्वक गुजरना होगा। अगर आपका नाम चयनित उम्मीदवारों की लिस्ट में है, तो अब समय बिना देरी किए अगले चरण की तैयारी शुरू करने का है। छोटी-सी लापरवाही भी आगे की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। जानिए चयनित कैंडिडेट अब आगे क्या करें।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सबसे पहले RRB Group D स्कोरकार्ड और PET स्टेटस जरूर देखें

रिजल्ट देखने के बाद उम्मीदवार अपने संबंधित RRB की वेबसाइट पर लॉग इन करके स्कोरकार्ड डाउनलोड करें। इसी के साथ PET के लिए क्वालिफाई करने की स्थिति भी देख लें। स्कोरकार्ड भविष्य की भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण दस्तावेज होगा, इसलिए इसकी डिजिटल और प्रिंट कॉपी सुरक्षित रखें।

अब बारी होगी Physical Efficiency Test (PET) की

CBT में सफल उम्मीदवारों को अगले चरण यानी फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। PET का शेड्यूल और ई-कॉल लेटर संबंधित रेलवे रिक्रूटमेंट सेल (RRC) अलग से जारी करेगा। पुरुष उम्मीदवारों को 35 किलोग्राम वजन 100 मीटर तक 2 मिनट के भीतर उठाकर ले जाना होगा और इसके बाद 1000 मीटर की दौड़ 4 मिनट 15 सेकंड में पूरी करनी होगी। महिला उम्मीदवारों को 20 किलोग्राम वजन 100 मीटर तक 2 मिनट के भीतर ले जाना होगा और 1000 मीटर की दौड़ 5 मिनट 40 सेकंड में पूरी करनी होगी। इसलिए जिन उम्मीदवारों ने अभी तक फिजिकल तैयारी शुरू नहीं की है, उन्हें तुरंत अभ्यास शुरू कर देना चाहिए।

PET के बाद होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन

फिजिकल टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। इस दौरान शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र, आरक्षण से जुड़े प्रमाणपत्र, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि सभी मूल दस्तावेज और उनकी फोटो कॉपी पहले से व्यवस्थित करके रखें ताकि अंतिम समय में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

मेडिकल टेस्ट भी उतना ही अहम

डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद मेडिकल एग्जामिनेशन होगा। इसमें उम्मीदवार की शारीरिक फिटनेस, दृष्टि और अन्य मेडिकल मानकों की जांच की जाएगी। रेलवे के तय मेडिकल मानकों पर खरा उतरना अंतिम नियुक्ति के लिए जरूरी है।

शॉर्टलिस्ट होने का मतलब नौकरी पक्की नहीं

RRB ने स्पष्ट किया है कि CBT के बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अभी प्रोविजनल मानी जाएगी। यदि किसी भी चरण में दस्तावेजों में गड़बड़ी, गलत जानकारी या भर्ती नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है।

चयनित उम्मीदवार आगे क्या करें?

अब उम्मीदवारों को अपने संबंधित RRB और RRC की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर रखनी चाहिए। PET की तारीख, एडमिट कार्ड, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट से जुड़ी हर नई सूचना वहीं जारी की जाएगी। इसके अलावा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर आने वाले संदेश भी समय-समय पर चेक करते रहें। जो उम्मीदवार इस पूरे प्रोसेस के लिए अभी से तैयारी और डॉक्यूमेंट्स की व्यवस्था शुरू कर देंगे, उनके लिए अगले चरण अपेक्षाकृत आसान हो सकते हैं। रेलवे ग्रुप डी भर्ती में अंतिम चयन उसी उम्मीदवार का होगा जो हर चरण को तय नियमों के अनुसार सफलतापूर्वक पूरा करेगा।