Asim Riaz and Himanshi Khurana Religious Conversion Controversy: आसिम रियाज और हिमांशी खुराना का ब्रेकअप विवाद फिर गरमा गया है। हिमांशी ने धार्मिक मतभेद को वजह बताया, जबकि असीम ने धर्म परिवर्तन के आरोपों को झूठा बताया है।
आसिम रियाज और हिमांशी खुराना का रिश्ता खत्म हुए करीब तीन साल हो चुके हैं, लेकिन दोनों के बीच का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में हिमांशी ने एक पॉडकास्ट में अपने पुराने रिश्ते और धर्म से जुड़े मतभेदों पर बात की थी। अब आसिम ने सोशल मीडिया पर इन दावों का जवाब देते हुए हिमांशी पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि ब्रेकअप के करीब तीन महीने बाद हिमांशी ने दोबारा रिश्ते में लौटने के लिए उनसे संपर्क किया था।
‘मार्च में तुमने मुझे मैसेज क्यों किया?’
आसिम ने रविवार को एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर दावा किया कि ब्रेकअप के तीन महीने बाद, मार्च में हिमांशी ने उन्हें दोबारा रिश्ते को एक मौका देने के लिए मैसेज किया था। आसिम ने कहा कि उनके पास उस बातचीत के स्क्रीनशॉट और मैसेज अब भी मौजूद हैं और जरूरत पड़ने पर वह उन्हें सार्वजनिक कर सकते हैं। आसिम का यह बयान हिमांशी की हालिया पॉडकास्ट बातचीत के बाद आया है, जिसमें उन्होंने अपने और आसिम के रिश्ते में धर्म और अलग-अलग मान्यताओं को लेकर हुई परेशानियों के बारे में खुलकर बात की थी।
और पढ़ें - ‘अल्फा’ को भी ‘आवारापन 2’ ने पछाड़ा, 200 करोड़ क्लब के इतने करीब
धर्म बदलने के आरोप पर आसिम ने क्या कहा?
हिमांशी ने पॉडकास्ट में साफ किया था कि वह अपने रिश्ते में हुई बातचीत को सीधे तौर पर ‘कन्वर्जन’ नहीं कहेंगी। उनके मुताबिक, आसिम उन्हें अपने धर्म की अच्छी बातें बताते थे और चाहते थे कि वह उन्हें समझें और स्वीकार करें। हालांकि, हिमांशी ने कहा कि वह इसके लिए तैयार नहीं थीं। हिमांशी ने यह भी बताया कि उस दौर में धार्मिक मतभेदों की वजह से वह काफी भावनात्मक संघर्ष से गुजरी थीं और अपने विश्वास को लेकर उनके मन में कई तरह के सवाल आने लगे थे।
आसिम ने कहा- ‘मैंने कभी किसी से धर्म बदलने को नहीं कहा’
हिमांशी की बात सामने आने के बाद आसिम ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखकर इन दावों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी से अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा।आसिम ने यह भी आरोप लगाया कि धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दे को उनके खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने अपने करियर और आर्थिक सफलता को लेकर भी किए गए दावों पर नाराजगी जताई और कहा कि उन्होंने अपनी पहचान और करियर खुद बनाया है।
और पढ़ें - OTT Release August Week: ओटीटी रिलीज हो रहीं 25 मूवी और वेब सीरीज, अगस्त आखिरी वीक की धमाकेदार लिस्ट
आसिम ने पारस छाबड़ा को भी घेरा
इस विवाद में आसिम ने पारस छाबड़ा पर भी निशाना साधा। दरअसल, हिमांशी ने पारस के पॉडकास्ट में अपने पुराने रिश्ते के बारे में बात की थी। आसिम ने सवाल उठाया कि कई साल पुराने रिश्ते और निजी मामलों को दोबारा चर्चा में लाने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने पारस पर दूसरों की निजी जिंदगी को लेकर गॉसिप करने का आरोप भी लगाया। आसिम की तीखी प्रतिक्रिया के बीच हिमांशी ने इस पूरे विवाद पर सीधे तौर पर कोई लंबा जवाब नहीं दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर करते हुए सिर्फ ‘Such a peaceful day’ लिखा।
बिग बॉस 13 में शुरू हुई थी लव स्टोरी
आसिम और हिमांशी की मुलाकात ‘बिग बॉस 13’ के दौरान हुई थी। शो में दोनों की नजदीकियों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं और बाहर आने के बाद भी दोनों का रिश्ता कई साल तक चला। करीब चार साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने दिसंबर 2023 में अपने ब्रेकअप की घोषणा की थी। उस वक्त दोनों ने कहा था कि उन्होंने अपनी-अपनी धार्मिक मान्यताओं को प्राथमिकता देते हुए अलग होने का फैसला किया है। अब तीन साल बाद पुराने रिश्ते को लेकर एक बार फिर दोनों आमने-सामने हैं। हालांकि, दोनों की ओर से सामने आए दावे एक-दूसरे से अलग हैं, इसलिए इस पूरे मामले में फिलहाल किसी एक पक्ष के दावे को अंतिम सच मानना जल्दबाजी होगी।
