'ओम शांति ओम' से बॉलीवुड डेब्यू करने वाली दीपिका पादुकोण ने फिल्म के लिए कोई फीस नहीं ली थी। उनकी पहली हिट फिल्म के बाद शाहरुख खान ने मजाकिया अंदाज में बड़ा बयान दिया था।
दीपिका पादुकोण आज के डेट में बॉलीवुड में सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेस में गिनी जाती हैं। वो एक सफल अदाकारा है और 100 करोड़ क्लब की कई फिल्मों का हिस्सा रह चुकीं हैं। दीपिका ने अपने करियर की शुरुआत बेहद साधारण तरीके से की थी। दिलचस्प बात यह है कि उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म 'ओम शांति ओम' के लिए उन्होंने कोई फीस तक नहीं ली थी।

कन्नड़ फिल्म 'ऐश्वर्या' से हुई थी एक्टिंग की शुरुआत
दीपिका पादुकोण ने साल 2006 में डायरेक्टर इंद्रजीत लंकेश की कन्नड़ रोमांटिक फिल्म 'ऐश्वर्या' से एक्टिंग वर्ल्ड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ एक्टर उपेंद्र नजर आए थे। हाल ही में एक पॉडकास्ट में इंद्रजीत लंकेश ने बताया कि पहली मुलाकात में ही उन्हें एहसास हो गया था कि दीपिका में स्टार बनने के सभी गुण मौजूद हैं। उनका आत्मविश्वास, स्क्रीन प्रेजेंस और खुद को साबित करने का जुनून उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाता था।
सिर्फ एक लाइन सुनकर फिल्म के लिए हो गई थीं तैयार
डायरेक्टर ने खुलासा किया कि दीपिका ने फिल्म की केवल एक लाइन की कहानी सुनकर ही 'ऐश्वर्या' के लिए हामी भर दी थी। उस समय उनकी मैनेजर पूजा ददलानी थीं, जो आज शाहरुख खान की मैनेजर हैं। फिल्म रिलीज के बाद कर्नाटक में अच्छी हिट साबित हुई और सिनेमाघरों में 50 दिन तक चली। इसकी सफलता ने दीपिका को नई पहचान दिलाई।
शाहरुख खान ने मजाक में कही थी बड़ी बात
इंद्रजीत लंकेश ने एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब शाहरुख खान बेंगलुरु आए थे, तब उनसे 'ऐश्वर्या' की सफलता के बारे में पूछा गया। इस पर शाहरुख ने मुस्कुराते हुए कहा,'सुना है फिल्म बड़ी हिट हुई है, अब मुझे उसे ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे।' यह बात मजाक में कही गई थी, लेकिन इससे साफ था कि दीपिका की सफलता ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था।
'ओम शांति ओम' के लिए नहीं ली कोई फीस
'ऐश्वर्या' की सफलता के बाद निर्देशक फराह खान ने दीपिका को 'ओम शांति ओम' में शाहरुख खान के अपोजिट कास्ट किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपिका ने इस फिल्म के लिए कोई फीस नहीं ली थी। उनके लिए शाहरुख खान के साथ बॉलीवुड में डेब्यू करना ही सबसे बड़ा मौका था। यही फिल्म उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। फिल्म में उन्होंने शांतिप्रिया और सैंडी के डबल रोल से दर्शकों का दिल जीत लिया। रिलीज के बाद 'ओम शांति ओम' साल 2007 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हुई और दीपिका रातोंरात स्टार बन गईं।
'दीपिका का करियर एक केस स्टडी है'
इंद्रजीत लंकेश का मानना है कि दीपिका का फिल्मी सफर नए कलाकारों के लिए एक 'केस स्टडी' है। उनके अनुसार, कुछ लोग अभिनेता बनते हैं, जबकि कुछ लोग जन्म से ही स्टार होते हैं और दीपिका दूसरी श्रेणी में आती हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में दीपिका कैमरे के सामने थोड़ी घबराई हुई थीं, लेकिन कुछ ही समय में उन्होंने खुद को संभाल लिया। अनुशासन, मेहनत और लगातार खुद को बेहतर बनाने की चाह ने उन्हें इंडस्ट्री की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया।
'ओम शांति ओम' के बाद दीपिका ने 'लव आज कल', 'ये जवानी है दीवानी', 'चेन्नई एक्सप्रेस', 'कॉकटेल', 'पद्मावत', 'पठान', 'जवान' और 'कल्कि 2898 एडी' जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में दमदार अभिनय किया। पर्दे पर शाहरूख खान और दीपिका की जोड़ी दर्शको को खूब पसंद आती है।
और पढ़ें: बचपन में गायब हो गए थे ऋतिक रोशन, पीछे की कहानी जान दंग रह जाएंगे आप
'20 करोड़ रुपये दो, वरना...', रोहित शेट्टी को फिर मिली धमकी, ऑडियो क्लिप ने बढ़ाई टेंशन!
