'खोसला का घोसला 2' में दिव्या खोसला की एंट्री ने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। कल्ट क्लासिक का सीक्वल पुराने सितारों के साथ नए चेहरों और फैमिली कॉमेडी का नया तड़का लेकर आएगा।
बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कल्ट कॉमेडी फिल्मों में शुमार 'खोसला का घोसला' अब अपने सीक्वल के साथ बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार है। 'खोसला का घोसला 2' में इस बार दिव्या खोसला की एंट्री ने फिल्म को लेकर दर्शकों का एक्साइटमेंट और बढ़ा दिया है। फिल्म में एक ओर जहां अनुपम खेर, बोमन ईरानी और रणवीर शौरी जैसे पुराने कलाकार अपनी यादगार भूमिकाओं में लौटेंगे, वहीं दिव्या खोसला, रवि किशन, दानिश इकबाल और अन्य नए चेहरे कहानी में नया रंग भरते नजर आएंगे। मेकर्स का दावा है कि सीक्वल में पहले पार्ट जैसा हास्य, पारिवारिक ड्रामा और मनोरंजन का पूरा पैकेज देखने को मिलेगा।
खोसला का घोसला 2 में दिव्या खोसला की एंट्री क्यों है खास?
दिव्या खोसला आधिकारिक तौर पर 'खोसला का घोसला 2' की स्टारकास्ट में शामिल हो गई हैं। हाल के वर्षों में 'सावी' और 'एक चतुर नार' में उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने पसंद किया। अब वह इस कल्ट कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी में नए अंदाज के साथ नजर आएंगी। मेकर्स को उम्मीद है कि उनकी मौजूदगी फिल्म को नई ऊर्जा देगी। सीक्वल में एक बार फिर अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, तारा शर्मा और किरण जुनेजा अपनी पुरानी भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इनके साथ रवि किशन, निशांत वर्मा, कंगन बरुआ नांगिया, दानिश इकबाल और दिव्या खोसला नई कास्ट के रूप में जुड़ेंगे।
निर्माता ने नई स्टारकास्ट को लेकर क्या कहा?
निर्माता सविता राज हिरेमथ ने कहा, "इस बार खोसला परिवार में दो नए सदस्य जुड़े हैं—दिव्या खोसला और रवि किशन जी। इन दोनों ने पूरी टीम को अपनी परफॉर्मेंस से चौंका दिया है और मुझे पूरा विश्वास है कि दर्शकों का भी भरपूर मनोरंजन करेंगे। पिछले कुछ समय में दिव्या खोसला और रवि किशन ने अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में जिस तरह का काम किया है, उसने मुझे बेहद प्रभावित किया है। हमें खुशी है कि दुरंधर में दाऊद के किरदार से चर्चा में रहे दानिश इकबाल भी हमारी टीम का हिस्सा हैं। नई पीढ़ी के इन कलाकारों के साथ काम करने को लेकर हम बेहद उत्साहित हैं और अब दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।"
खोसला का घोसला 2 में क्या होगा खास?
मेकर्स के मुताबिक फिल्म में पहले भाग की तरह फैमिली कॉमेडी, रिश्तों की गर्माहट, मजेदार अफरा-तफरी और कई दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। कहानी पुराने खोसला परिवार की विरासत को आगे बढ़ाते हुए नई पीढ़ी के किरदारों के साथ मनोरंजन का नया तड़का पेश करेगी। 'खोसला का घोसला 2' को गुलशन कुमार, टी-सीरीज और तांडव फिल्म्स प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, सविता राज हिरेमथ और राज हिरेमथ ने किया है। रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।
