हरियाणवी एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही का 30 साल की उम्र में निधन हो गया। उनकी पिन की हुई शिव से जुड़ी एक पोस्ट के साथ ही आखिरी ‘राधे राधे’ वाला वीडियो अब वायरल हो रहा है। अपनी पोस्ट में दिव्यांका ने कुछ ऐसा लिखा, जिसने लोगों को रुला दिया।

Divyanka Sirohi Viral Post After Death: हरियाणवी एक्ट्रेस और डांसर दिव्यांका सिरोही का 30 साल की उम्र में गाजियाबाद में उनके घर पर निधन हो गया। 21 अप्रैल की रात उनकी अचानक हुई मौत से फैंस गहरे सदमे में हैं। कई म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी दिव्यांका काफी पॉपुलर एक्ट्रेस थीं। दिव्यांका की मौत के बाद उनकी एक पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट फिर से वायरल हो रही है। यह पोस्ट 2023 की है, जिसमें वह केदारनाथ मंदिर में नजर आ रही हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिव्यंका ने जो लिखा, वो सच हो गया

तस्वीर में उनका सिर दुपट्टे से ढका है और पीछे पहाड़ दिख रहे हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने लिखा था- “POV: शिव, मुझे अपने साथ ले चलो…” अब उनकी यह लाइन पढ़कर फैंस और भी भावुक हो रहे हैं। वहीं, उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट 19 मार्च को की गई थी, जिसमें वह व्हाइट और ब्लू कलर वाली फ्लोरल ड्रेस में नजर आ रही हैं और बैकग्राउंड में ‘राधे राधे’ गाना बज रहा है। इस गाने में फीचर हुए बी प्राक ने उनकी पोस्ट पर ताली, हाथ और दिल वाले इमोजी के साथ कमेंट किया था। अब उनकी इस पोस्ट पर फैंस के कमेंट बदल गए हैं। जहां पहले तारीफ होती थी, अब लोग ‘RIP’ और ‘ओम शांति’ लिखकर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

View post on Instagram

फैंस के इमोशनल रिएक्शन

दिव्यांका की पोस्ट पर अब हजारों फैंस दुख जाहिर कर रहे हैं। कुछ लोग टूटे दिल वाले इमोजी शेयर कर रहे हैं, तो कुछ भावुक संदेश लिख रहे हैं। एक फैन ने उनकी पिन की हुई पोस्ट पर लिखा, “कैप्शन में जो लिखा था, वो सच हो गया।” वहीं, दूसरे फैन ने लिखा, “आप सच में हमें छोड़कर बहुत दूर चली गईं मैम,आपको हमेशा याद करेंगे।” कई लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उनके साथ क्या हुआ।

View post on Instagram

कैसे हुई मौत: परिवार ने क्या बताया

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिव्यांका का निधन 21 अप्रैल को तबीयत बिगड़ने के बाद हुआ। उनका अंतिम संस्कार 22 अप्रैल को किया गया। उनके भाई हिमांशु के मुताबिक, मंगलवार को उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में चोट लगी और खून बहने लगा। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने दिव्यांका सिरोही के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि दिव्यांका का इतनी कम उम्र में जाना न सिर्फ उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है। AICWA ने उनके काम और टैलेंट की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और जुनून से हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई थी।

दिव्यांका सिरोही का करियर

दिव्यांका सिरोही सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर थीं। इंस्टाग्राम पर ही उनके 1.3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स थे। वह 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में नजर आ चुकी थीं। उन्हें सुनंदा शर्मा के गाने 'मेरी मम्मी नू पसंद नी तू' पर बने एक वायरल वीडियो से एक अलग पहचान मिली थी।