‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। 9 सितंबर को रिलीज ट्रेलर देखकर पता चल रहा है कि यह ‘दृश्यम' का आखिरी चैप्टर होगा। मूवी में अजय देवगन, तब्बू के अलावा एक नया किरदार जयदीप अहलावत दिखेंगे। इनकी एंट्री ने सस्पेंस और रोमांच बढ़ा दिया है।

अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ (drishyam 3 the conclusion) का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं तब्बू भी मीरा देशमुख के रोल में वापसी कर रही हैं। लेकिन इस बार विजय की मुश्किलें पहले से कहीं ज्यादा बढ़ती नजर आ रही हैं, क्योंकि कहानी में जयदीप अहलावत की एंट्री हुई है। ट्रेलर में सस्पेंस, क्राइम और बदले का जबरदस्त खेल देखने को मिल रहा है।

विजय सालगांवकर के सामने नई चुनौती

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी में विजय सालगांवकर हमेशा अपनी चालाकी और जबरदस्त प्लानिंग से पुलिस को चकमा देता आया है। लेकिन ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में उसका सामना एक ऐसे पुलिस अफसर से होता है, जो उसके बनाए पूरे खेल को पलटने की कोशिश कर रहा है। जयदीप अहलावत फिल्म में SP क्राइम ब्रांच राजवीर सिंह तोमर के किरदार में नजर आएंगे। उनका किरदार विजय के पुराने राज से पर्दा उठाने के लिए पूरी ताकत लगा रहा है। ट्रेलर में दोनों के बीच दिमागी जंग साफ नजर आती है।

मीरा देशमुख को इंसाफ नहीं, चाहिए बदला

तब्बू एक बार फिर मीरा देशमुख के किरदार में लौट आई हैं। हालांकि इस बार उनका मकसद सिर्फ इंसाफ पाना नहीं, बल्कि अपने बेटे की मौत का बदला लेना नजर आ रहा है। ट्रेलर में मीरा और उनके पति महेश को विजय और उसके परिवार के खिलाफ ज्यादा एग्रेसिव अंदाज में दिखाया गया है। ऐसे में विजय के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने परिवार को बचाने के साथ-साथ उस राज को भी सुरक्षित रखना है, जिसे वह सालों से छिपाता आया है।

जयदीप अहलावत ने खींचा ध्यान

ट्रेलर में जयदीप अहलावत की एंट्री ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। उनके किरदार को बेहद तेज-तर्रार और सख्त पुलिस अफसर के रूप में दिखाया गया है। वह विजय की कहानी की एक-एक कड़ी जोड़ने की कोशिश करते नजर आते हैं। यही वजह है कि इस बार विजय के लिए अपनी पुरानी चाल चलना आसान नहीं होगा।

और पढ़ें: 'हैवान' से पहले अक्षय कुमार-सैफ अली खान की 6 फिल्मों का कैसा रहा हाल? जानें हिट और फ्लॉप का रिकॉर्ड

प्रकाश राज भी बढ़ाएंगे विजय की मुश्किलें

फिल्म में प्रकाश राज भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। ट्रेलर में उनका किरदार भी विजय के खिलाफ खड़ा दिखाई देता है। इसके अलावा श्रीया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे। आप भी देखिए टेलर-

YouTube video player

2 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म को स्टार स्टूडियो18 और पैनोरमा स्टूडियोज के तले बनाया गया है। फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

और पढ़ें: OTT Releases This Week: ‘द रिवोल्यूशनरीज’ से ‘घमासान’ तक, इस हफ्ते OTT पर रिलीज होंगी ये धांसू फिल्में और सीरीज