कंगना रनौत के नाम से सोशल मीडिया पर शिक्षा मंत्री बनने की मांग वाला पोस्ट वायरल है, जिसमें दावा किया गया है कि एक्ट्रेस ने नीट को लेकर स्टूडेंट्स के लिए अपना प्लान शेयर किया था।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत के नाम से एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में दावा किया गया कि कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें देश का अगला शिक्षा मंत्री बनाने की अपील की है। इसमें NEET परीक्षा को लेकर भी व्यंग्यात्मक बातें लिखी गईं, जिसके बाद यह पोस्ट चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, पड़ताल में सामने आया कि यह दावा पूरी तरह भ्रामक है। कंगना ने अपने किसी भी आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसा कोई बयान जारी नहीं किया और वायरल पोस्ट को AI से तैयार किया गया फर्जी कंटेंट बताया जा रहा है।

क्या है कंगना रनौत के नाम से वायरल पोस्ट?

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में लिखा गया कि, "मैं नरेंद्र मोदी जी से अनुरोध करती हूं कि मुझे भारत का शिक्षा मंत्री नियुक्त करें। मैं शिक्षा का महत्व अच्छी तरह समझती हूं, क्योंकि सबसे पहले मैंने ही लोगों को बताया था कि भारत को 2014 में आजादी मिली थी।" पोस्ट में आगे व्यंग्यात्मक अंदाज में दावा किया गया कि, "मेरे पास NEET के लिए एक प्लान है। जो स्टूडेंट्स थिएटर में मेरी फिल्में देखेंगे, उन्हें एक्स्ट्रा मार्क्स दिए जाएंगे। इससे मेरी फ्लॉप फिल्मों का सिलसिला भी खत्म हो जाएगा।"

क्या सच में कंगना ने यह पोस्ट किया था?

नहीं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कंगना रनौत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम या किसी अन्य सत्यापित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसा कोई पोस्ट शेयर नहीं की। वायरल स्क्रीनशॉट उनकी पोस्ट जैसा दिखाने की कोशिश करता है, लेकिन इसे AI की मदद से तैयार किया गया फर्जी कंटेंट बताया जा रहा है। फिलहाल कंगना रनौत की ओर से भी इस वायरल पोस्ट पर कोई आधिकारिक रिएक्शन सामने नहीं आया।कंगना रनौत हाल ही में 'भारत भाग्य विधाता' में नजर आई थीं। अब उनकी अगली फिल्म 'क्वीन 2' है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

शिक्षा मंत्री को लेकर क्या है मौजूदा स्थिति?

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद 25 जुलाई 2026 को प्रह्लाद जोशी ने भारत के शिक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला। प्रधान ने अपने इस्तीफे में कहा था कि यह पद उनके लिए "व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं" है। उनके इस्तीफे के बाद परीक्षा अनियमितताओं और NEET विवाद को लेकर चल रहा CJP का 36 दिन पुराना आंदोलन भी समाप्त कर दिया गया।