थलापति विजय ने हाल ही में तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद से तमिल फिल्म इंडस्ट्री में हर कोई ख़ुशी मना रहा है और विजय को मुबारकबाद दे रहा है। लेकिन जब सुपरस्टार रजनीकांत से विजय की शपथ पर सवाल किया गया तो उन्होंने जो रिएक्शन दिया, वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। हालांकि इससे पहले वे विजय और TVK को बड़ी जीत की बधाई दे चुके हैं।
तमिल सिनेमा और राजनीति के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल रजनीकांत एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, चेन्नई एयरपोर्ट पर जब पत्रकारों ने उनसे सी. जोसेफ विजय के तमिलनाडु का नया मुख्यमंत्री बनने पर सवाल पूछा तो उन्होंने बिना कुछ कहे सिर्फ मुस्कुराकर हाथ जोड़ लिए और आगे बढ़ गए। उनका यह छोटा सा रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिलचस्प बात यह है कि चुनाव नतीजों के बाद रजनीकांत पहले ही विजय और उनकी पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam को शानदार जीत की बधाई दे चुके हैं। विजय की इस जीत ने तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया है।

एयरपोर्ट पर रजनीकांत की चुप्पी बनी चर्चा का विषय
मंगलवार, 12 मई को रजनीकांत चेन्नई एयरपोर्ट पर पर नज़र आए, जहां भारी मीडिया की मौजूदगी भी थी। इसी दौरान रिपोर्टर्स ने उनसे विजय के मुख्यमंत्री बनने और उनके शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सवाल किया। हालांकि सुपरस्टार ने कोई बयान नहीं दिया। वह सिर्फ मुस्कुराए, हाथ जोड़कर अभिवादन किया और आगे बढ़ गए। उनका यह साइलेंट रिएक्शन अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई फैंस इसे सम्मानजनक प्रतिक्रिया बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे राजनीतिक दूरी के तौर पर भी देख रहे हैं।
यह भी पढ़ें : Thalapathy Vijay ने ली CM पद की शपथ तो बह निकले तृषा कृष्णन के आंसू, देखें VIRAL VIDEO
चुनाव जीतने के बाद विजय को दी थी बधाई
भले ही रजनीकांत ने चेन्नई एयरपोर्ट पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में कुछ नहीं कहा, लेकिन 4 मई को चुनाव नतीजे आने के बाद उन्होंने विजय और उनकी पार्टी को खुलकर बधाई दी थी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा था, “हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल करने वाले तमिलगा वेत्री कझगम के अध्यक्ष श्री विजय और उनकी पार्टी के सभी सदस्यों को मेरी हार्दिक बधाई।”
रजनीकांत ने कर ली थी राजनीति में आने की तैयारी
दिलचस्प बात यह भी है कि रजनीकांत खुद भी राजनीति में आने की तैयारी कर चुके थे। साल 2020 में उन्होंने राजनीतिक पार्टी लॉन्च करने और चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, लेकिन बाद में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए राजनीति से दूरी बना ली थी। उन्होंने उस फैसले को भगवान की चेतावनी बताया था।
यह भी पढ़ें : CM Thalapathy Vijay की वो 7 फ़िल्में, जिनमें दिख चुका उनका मुख्यमंत्री वाला अंदाज़!
फिल्मों से राजनीति तक विजय ने रचा इतिहास
विजय की पार्टी TVK ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर करते हुए DMK और AIADMK जैसी दिग्गज पार्टियों को पीछे छोड़ दिया। पार्टी ने 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया और बाद में 120 विधायकों का समर्थन हासिल कर बहुमत का आंकड़ा भी पार कर लिया। सी. जोसेफ विजय ने 10 मई को चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय अब उन बड़े एक्टर-पॉलिटिशियंस की सूची में शामिल हो गए हैं, जिनमें एन. टी. रामा राव, एम्.जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता जैसे नाम शामिल हैं।
