Tamil Nadu CM Vijay Divorce Case: तमिलनाडु CM विजय की पत्नी संगीता ने तलाक की अर्जी वापस ले ली है। फैमिली कोर्ट ने उनकी याचिका स्वीकार कर मामला बंद कर दिया है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता सोर्नलिंगम की शादी को लेकर पिछले कई महीनों से चल रही चर्चाओं के बीच बड़ा अपडेट सामने आया है। संगीता ने फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली है। इसके बाद अदालत ने इस मामले को औपचारिक रूप से बंद कर दिया। इस फैसले के साथ ही दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

संगीता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वापस ली याचिका

शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान संगीता सोर्नलिंगम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश हुईं। उन्होंने कोर्ट को अपनी तलाक की याचिका वापस लेने का कारण बताया, जिसके बाद अदालत ने उनके आवेदन को स्वीकार करते हुए केस समाप्त कर दिया। इससे पहले 15 जून को हुई सुनवाई में भी संगीता ने अदालत को संकेत दिया था कि वह तलाक की अर्जी वापस लेना चाहती हैं। उस समय भी वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही पेश हुई थीं और मामले की अगली सुनवाई 7 अगस्त तय की गई थी।

और पढ़ें - 50s में भी सिंगल सबा पटौदी, 19 की उम्र में हो रही थी शादी लेकिन... सैफ की बहन क्यों अबतक अनमैरिड?

फरवरी में दायर की थी तलाक की अर्जी

गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका दायर की थी। उन्होंने अपनी याचिका में पति विजय के साथ "ऐसे मतभेद जिन्हें सुलझाया नहीं जा सकता" को तलाक का आधार बताया था। साथ ही उन्होंने कोर्ट से स्थायी गुजारा भत्ता (Permanent Alimony) देने और चेन्नई के नीलांकरई स्थित वैवाहिक घर में रहने की अनुमति भी मांगी थी।

कई बार टलती रही सुनवाई

इस पूरे मामले में कई बार सुनवाई टल चुकी थी। पिछली सुनवाई में न तो विजय और न ही संगीता अदालत में व्यक्तिगत रूप से पहुंचे थे। दोनों की ओर से उनके वकीलों ने अदालत को बताया था कि व्यक्तिगत रूप से पेश होने में कठिनाइयां हैं। इससे पहले भी कई मौकों पर दोनों अदालत में उपस्थित नहीं हुए थे और उनके वकील ही उनकी ओर से पेश होते रहे।

करीब 27 साल पुराना है दोनों का रिश्ता

विजय और संगीता का रिश्ता लगभग तीन दशक पुराना है। दोनों ने 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार अंतरधार्मिक विवाह किया था। शादी के एक साल बाद वर्ष 2000 में उनके बेटे का जन्म हुआ, जबकि 2005 में बेटी ने जन्म लिया। लंबे समय तक दोनों को साउथ इंडस्ट्री के सबसे चर्चित और मजबूत कपल्स में गिना जाता रहा।

और पढ़ें - 25 साल से आंखें छुपा रहे अमिताभ बच्चन? टिंटेड चश्मा पहनने की जानें इमोशनल वजह

2023 से शुरू हुई थीं अलगाव की चर्चाएं

विजय और संगीता के रिश्ते में दरार की खबरें पहली बार 2023 में सामने आई थीं, जब संगीता अभिनेता और बाद में राजनेता बने विजय के कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर नहीं आईं। हालांकि उस समय इन खबरों का खंडन किया गया था, लेकिन 2025 में जब वह तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के दूसरे राज्य सम्मेलन समेत कई अहम राजनीतिक कार्यक्रमों से भी गायब रहीं, तब अलगाव की अटकलें फिर तेज हो गईं।

तमिलनाडु की राजनीति में विजय का बड़ा उभार

हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर दशकों से चली आ रही DMK और AIADMK की राजनीतिक पकड़ को समाप्त कर दिया। इसके बाद कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के समर्थन से राज्य में सरकार बनी, जिससे तमिलनाडु में कई वर्षों बाद गठबंधन सरकार का गठन हुआ।

फिलहाल खत्म हुआ कानूनी विवाद

संगीता द्वारा तलाक की अर्जी वापस लेने के बाद फिलहाल विजय और उनकी पत्नी के बीच चल रहा कानूनी विवाद समाप्त हो गया है। हालांकि, दोनों की ओर से अब तक अपने वैवाहिक रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों इस विषय पर क्या रुख अपनाते हैं।