'धमाल 4' की एक्ट्रेस अंजलि आनंद की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं। प्लस साइज होने की वजह से मिला पहला ब्रेक, आज टीवी से बॉलीवुड तक बना चुकी हैं खास पहचान।
अजय देवगन और रितेश देशमुख जैसे कलाकारों से सजी कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक प्रदर्शन कर रही है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 8 दिन में 100 करोड़ रुपये क्लब में करीब पहुंच गई है। फिल्म में स्टार्स की फ़ौज है और लगभग हर कलाकार ने अपनी ओर से अपना बेस्ट दिया है। लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां इस फिल्म की लीड एक्ट्रेस अंजलि आनंद बटोर रही हैं, फिल्म में जिनकी फैट शेमिंग को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। जानिए अंजलि आनंद के बारे में सबकुछ, जिनकी एक्टिंग इंडस्ट्री में एंट्री ही उनके प्लस साइज़ होने की वजह से हुई।
अंजलि आनंद की प्रोफाइल
पूरा नाम : अंजलि दिनेश आनंद
उम्र : 34 साल
जन्म तारीख : 12 जून 1992 (मुंबई)
डेब्यू टीवी शो : ढाई किलो प्रेम (2017)
डेब्यू फिल्म : बेल बॉटम (2021)
हाइट : लगभग 1.83 मीटर (करीब 6 फीट)
अंजलि आनंद के पिता भी रहे एक्टर
रिपोर्ट्स की मानें तो अंजलि आनंद के पिता दिनेश आनंद भी एक्टर थे। बताया जाता है कि 1970और 1980 के दशक में उन्होंने सपोर्टिंग एक्टर और जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम किया था। वे 'महाभारत' (1988), 'प्रेम ग्रन्थ' (1996) और 'गुप्त' (1997) जैसी फिल्मों में दिखे थे। 15 फ़रवरी 2001 को उनका निधन हो गया।
अंजलि आनंद को कैसे मिला एक्टिंग ब्रेक
'धमाल 4' की रिलीज के बाद अंजलि आनंद के कई इंटरव्यूज सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन्हीं में से एक जोश टॉक का वायरल वीडियो भी है। इसमें अंजलि ने बताया कि उन्हें पहला टीवी शो उनके मोटापे की वजह से ही मिला था। बकौल अंजलि, "एक कॉफ़ी शॉप में मैं कुछ खा रही थी और बाजू की टेबल से 8 लोग मुझे घूर कर देख रहे थे... 8 आदमी। मैंने अपना खाना ख़त्म किया और वह मेरे पास आया। बोला- 'हाय मेरा नाम संदीप है। मैं तुम्हे अपने शो में हीरोइन लेना चाहता हूं। मैं अवाक रह गई। उन 8 लोगों में एक प्रोड्यूसर था और बाकी प्रोडक्शन टीम के लोग। मेरे जैसे लड़की मैंने कभी टेलीविज़न पर नहीं देखी।"
फिल्मों में आने से पहले क्या करती थीं अंजलि आनंद
अंजलि ने इसी वीडियो में अपनी लाइफ जर्नी शेयर की और कहा,"शादियों की कोरियाग्राफर बन गई। 100 से ज्यादा शादियां की होंगी। स्कूल एनुअल फंक्शंस के लिए डांस सिखाया मैंने। आधी मुंबई को डांस सिखाया। उसके बाद पैसे जुटाए मैंने....मुझे एक्टिंग स्कूल में भर्ती होना है...। बहुत सारे बच्चे थे, जिनको लगा कि हमें जैसे ही सर्टिफिकेट मिलेगा हमारे हाथ में अच्छी बड़ी पिक्चर आ जाएगी और हम सुपरस्टार बन जाएंगे। 'ढाई किलो प्रेम' हुआ, जो मुझे मेरे लुक की वजह से मिला। जब मैंने सेकंड शो किया 'कुल्फी कुमार बाजेवाला' तो मेरे पास करन जौहर का फोन आया। उनको चाहिए तो कोई ऐसा, जो ओवरवेट हो।"
45 टेक में पूरा कर पाई थीं 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' का ऑडिशन
बकौल अंजलि, "मैं टेलीविज़न पर 14-15 पेज के सीन एक फ्लो में करती हूं 15 मिनट में। लेकिन वो ऑडिशन था 4 लाइन का, 246 टेक्स लगे वो करने में, क्योंकि मेंटली मैं इतनी हिली हुई थी कि मुझे नहीं मिलने वाली करन जौहर की पिक्चर, क्योंकि फिल्म में इतने सारे लोग हैं पिक्चर में। जया बच्चन है, शबाना आजमी हैं, धर्मेंद्र हैं, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट हैं, लेकिन फिल्म मिली। 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' मिली, फिर से जैसे जादू हुआ। पहले प्रेशर था कि तू मोटी है तुझे काम नहीं मिलेगा। अब प्रेशर है कि आगे क्या मिलेगा? मूवी के बाद रियलिटी शोज मिले, जो मुझे लगा था कि मैं कभी नहीं करूंगी, लेकिन मैंने किए। मस्स्ती नहीं रुकनी चाहिए। 'खतरों के खिलाड़ी', 'झलक दिखला जा' किया।" अंजलि की मानें तो शो पर उन्हें कभी मोटापे के लिए ट्रोल नहीं किया गया।
अंजलि आनंद के प्रमुख टीवी शो और फ़िल्में
टीवी शो
- ढाई किलो प्रेम
- कुल्फी कुमार बाजेवाला
- फियर फैक्टर : खतरों के खिलाड़ी 13
- झलक दिखला जा 11
- रात जवान है
- डब्बा कार्टेल (वेब सीरीज)
फ़िल्में
- बेल बॉटम
- रॉकी और रानी की प्रेम कहानी
- बन टिक्की
- धमाल 4
