- Home
- National News
- बाढ़ : असम में 122 की मौत, बिहार में नहीं थम रहा गंडक का कहर; दोनों राज्यों में 37 लाख लोग प्रभावित
बाढ़ : असम में 122 की मौत, बिहार में नहीं थम रहा गंडक का कहर; दोनों राज्यों में 37 लाख लोग प्रभावित
गुवाहाटी/पटना. असम और बिहार में अभी भी बाढ़ का कहर जारी है। दोनों राज्यों में करीब 37 लाख लोग प्रभावित हैं। वहीं, असम में शुक्रवार को तीन लोगों की मौत हो गई। अकेले असम के 26 जिलों में 27.80 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में अब तक इस आपदा में 122 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं, बिहार में लगभग दस लाख लोग प्रभावित हुए हैं, यहां गंडक नदी ने तीन जगहों पर बांध तोड़ दिए, जिससे कई क्षेत्रों में बाढ़ आ गई। हालांकि, अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं आई।
बिहार स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट के मुताबिक, बिहार में 10 जिलों की 529 पंचायत बाढ़ की चपेट में हैं। यहां करीब 9.6 लाख लोगों पर बाढ़ का असर पड़ा है।
वहीं, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनेवाल से बात की। साथ ही उन्होंने राज्य में प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने राष्ट्रपति भवन से असम, बिहार और उत्तर प्रदेश के बाढ़ और COVID-19 प्रभावित लोगों के लिए रेड क्रॉस राहत सामग्री ले जा रहे 9 ट्रकों को हरी झंडी भी दिखाई।
अरुणाचल प्रदेश में कई दिनों से जारी बारिश के चलते कई जिलों की सड़क संपर्क टूट गया। कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति भी बन रही है। यहां के पश्चिम सियंग जिले में भूस्खलन के चलते महत्वपूर्ण सड़क बंद होने के चलते कई जगहों से संपर्क टूट गया।
वहीं, मौसम विभाग ने 26-28 जुलाई को उत्तराखंड, हिमाचल, बिहार और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, पंजाब और हरियाणा में 27-29 जुलाई को ऐसी स्थिति बनने के आसार हैं।
26-29 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश की संभावना है।
नेपाल में 19, 20 और 21 जुलाई को भारी बारिश के बाद वाल्मीकिनगर बैराज से 4,36,500 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, इससे बिहार में, गंडक नदी रौद्र रूप में आ गई है।
इसके चलते पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामणी, शेओहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज और खगरिया जिले प्रभावित हैं।
एनडीआरएफ की 13 और एसडीआरएफ की 8 टीमें रेस्क्यू में लगी हुई हैं। अब तक 93891 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.