अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी शुरू हो गई है, इस बीच आगरा से वर्ल्ड फेमस पेठा अयोध्या लाया जा रहा है और इसे रथ से आगरा से अयोध्या भेजा जा रहा है।

फूड डेस्क: दुनिया भर में आगरे का पेठा बहुत मशहूर है। यहां पर अंगूरी पेठा से लेकर साधारण पेठा तक की ढेरों वैरायटी बनती है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के अयोध्या में जब रामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है, तो इसके लिए आगरा से 56 भोग के लिए 56 अलग-अलग तरह के 560 किलो पेठा को अयोध्या लाया जा रहा है। इसके लिए बाकायदा रथ तैयार किए गए हैं और 30 घंटे में यह 560 किलो पेठा आगरा से अयोध्या पहुंच जाएगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भगवान राम को लगाया जाएगा आगरा के पेठे का भोग

उत्तर प्रदेश के आगरा से 15 जनवरी को छप्पन भोग के लिए 560 किलो पेठा अयोध्या रवाना किया गया। वैसे तो आगरा से अयोध्या 8 घंटे का सफर है, लेकिन रथों में भेजा गया यह पेठा 30 घंटे में अयोध्या पहुंचेगा। जहां पर रामलला को 56 अलग-अलग पेठों का भोग लगाया जाएगा। इसमें सादा पेठा से लेकर केसर पेठा, सादा अंगूर पेठा, केसर अंगूर पेठा, मैंगो चेरी पेठा, ऑरेंज चेरी पेठा, खास चेरी पेठा, सादा चेरी पेठा, केसर चेरी पेठा, रसभरी पेठा, स्ट्रॉबेरी पेठा, मैंगो पेठा, ऑरेंज पेठा, बटरस्कॉच पेठा, गुलाब लड्डू पेठा, पान पेठा, चॉकलेट पेठा, रोल पेठा, पिस्ता पसंद पेठा, सैंडविच पेठा, संतरा पेठा जैसी कई वैराइटी है। इनमें से कुछ स्पेशल पेठों को खास भगवान राम के लिए पहली बार बनाया गया है।

रामलाल के लिए बनेगा 7000 किलो सूजी हलवा

इतना ही नहीं 22 जनवरी को जब राम मंदिर में प्रभु श्री राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी, इस दौरान उन्हें 7000 किलो सूजी के हलवे का भोग लगाया जाएगा। वहीं, तिरुपति से अयोध्या तक कई किलो लड्डू भेजे जा रहे हैं, ताकि भगवान श्री राम को इसका भोग लगाया जाए। उसके बाद यह प्रसाद भक्तों में वितरित किया जाएगा। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे, इसके लिए जोरदार तैयारी शुरू हो चुकी है।

और पढे़ं- 20 Kg. पारले-G से बना दिया भव्य राम मंदिर, अद्भुत नजारा देखकर दंग रह जाएंगे आप-Watch Video