Crispy Aloo Kachori Recipe: बिना बेले आलू की खस्ता कचौड़ी बनाने का आसान तरीका जानें। मैदा, आलू और मसालों से तैयार यह कचौड़ी बाहर से कुरकुरी और अंदर से स्वादिष्ट बनेगी। आसान रेसिपी, सही मोयन और खस्ता कचौड़ी बनाने के खास टिप्स यहां पढ़ें।

आलू की कचौड़ी खाने में जितनी स्वादिष्ट लगती है, इसे बेलना उतना ही झंझट भरा हो सकता है। अगर आप भी कचौड़ी बेलने की मेहनत से बचना चाहते हैं, तो यह आसान तरीका जरूर ट्राई करें। इसमें न कचौड़ी बेलने की जरूरत होगी और न ही ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। बाहर से कचौड़ी एकदम खस्ता और कुरकुरी बनेगी, जबकि अंदर से मसालेदार आलू की स्वादिष्ट स्टफिंग हर बाइट को मजेदार बना देगी।

खस्ता कचौड़ी बनाने के लिए सामग्री

  • कचौड़ी के लिए
  • 2 कप मैदा
  • 3 बड़े चम्मच सूजी
  • 3 बड़े चम्मच तेल या मोयन
  • स्वादानुसार नमक
  • जरूरत के अनुसार पानी
  • तलने के लिए तेल
  • आलू की स्टफिंग के लिए
  • 4 उबले हुए आलू
  • 1 चम्मच सौंफ
  • ½ चम्मच जीरा
  • ½ चम्मच अजवाइन
  • 1 चम्मच धनिया पाउडर
  • ½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • ½ चम्मच अमचूर पाउडर
  • 1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
  • थोड़ा सा गरम मसाला
  • स्वादानुसार नमक
  • हरा धनिया

खस्ता कचौड़ी बनाने की रेसिपी

  • सबसे पहले एक बड़े बाउल में मैदा, सूजी, नमक और मोयन डालकर अच्छी तरह मिलाएं। हथेली से मिश्रण को रगड़कर देखें। अगर मिश्रण मुट्ठी में दबाने पर बंध जाए, तो मोयन सही है। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। आटे को ढककर करीब 15-20 मिनट के लिए रख दें।
  • अब उबले आलू छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। पैन में थोड़ा तेल गर्म करके जीरा, सौंफ और अजवाइन डालें। फिर हरी मिर्च डालकर भूनें। इसमें मैश किए हुए आलू, धनिया पाउडर, लाल मिर्च, अमचूर, गरम मसाला और नमक डालें। मसाले को अच्छी तरह मिलाकर 2-3 मिनट भूनें और आखिर में हरा धनिया डाल दें।
  • अब आटे की छोटी लोई तोड़ें और हथेली पर हल्का दबाकर उसमें आलू की स्टफिंग रखें। किनारों को बंद करके हाथ से हल्के दबाव के साथ कचौड़ी का आकार दें। इसे बेलना नहीं है। इसी तरह सभी कचौड़ियां तैयार कर लें।
  • कड़ाही में तेल मध्यम से हल्का गर्म करें। कचौड़ियों को डालकर धीमी-मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तैयार कचौड़ियों को टिश्यू पर निकालें और गरमा-गरम आलू की कचौड़ी चटनी या आलू की सब्जी के साथ परोसें।

इसे भी पढ़ें- Rice Flour Modak: बिना फटे ही बन जाएंगे स्वादिष्ट मोदक, बस इस ट्रिक का करें इस्तेमाल

कचौड़ी बनाने की खास टिप्स

  • कचौड़ी खस्ता बनाने के लिए आटे में मोयन सही मात्रा में डालें।
  • आटा बहुत नरम न गूंथें।
  • स्टफिंग में नमी ज्यादा न रखें, वरना कचौड़ी फट सकती है।
  • कचौड़ी को बेलने के बजाय हथेली से हल्का दबाकर आकार दें।
  • तेल बहुत तेज गर्म होने पर कचौड़ी बाहर से जल्दी ब्राउन हो जाएगी लेकिन अंदर से अच्छी तरह क्रिस्पी नहीं बनेगी।
  • धीमी-मध्यम आंच पर तलने से कचौड़ी ज्यादा खस्ता बनेगी।

इसे भी पढ़ें- Kalakand Mithai Recipe: पनीर कद्दूकस कर मिलाएं ये एक चीज, बनेगा स्पेशल बंगाली मिठाई