Zomato पर 'बाय वन गेट वन' ऑफर में पिज्जा ऑर्डर करने वाले एक शख्स ने दूसरा पिज्जा डिलीवरी बॉय को देना चाहा. लेकिन डिलीवरी बॉय ने ऐसा जवाब दिया कि बेचारे की बोलती बंद हो गई.

फूड डिलीवरी पार्टनर्स से जुड़े कई मजेदार वीडियो और किस्से सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। लेकिन हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें भलाई करने गए एक शख्स की ही बेइज्जती हो गई। ये मजेदार वाकया मुकुल देखाने नाम के एक शख्स ने X (पहले ट्विटर) पर शेयर किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुकुल ने बताया कि उन्होंने Zomato से 'बाय वन गेट वन' ऑफर वाला पिज्जा ऑर्डर किया था। एक पिज्जा अपने लिए और दूसरा उन्होंने सोचा कि उस डिलीवरी बॉय को दे देंगे जो बारिश में भीगते हुए ऑर्डर लेकर आया। उनकी सोच तो अच्छी थी, लेकिन आगे जो हुआ उसकी उम्मीद उन्हें नहीं थी।

जब डिलीवरी बॉय खाना लेकर पहुंचा, तो मुकुल ने एक पिज्जा बॉक्स उसकी तरफ बढ़ाते हुए कहा, 'इसमें से एक तुम्हारे लिए है।' लेकिन अगले ही पल डिलीवरी बॉय के जवाब ने मुकुल को हैरान कर दिया। डिलीवरी बॉय ने पिज्जा वापस करते हुए कहा, 'ये कचरा आप ही खाओ, मैं तो घर का खाना ही खाता हूं।' मुकुल ने अपने पोस्ट में बताया कि यह सुनने के बाद उनका चेहरा कैसा था, इसके लिए उन्होंने '😨' इमोजी का इस्तेमाल किया।

Scroll to load tweet…

मुकुल का यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया और लोग इस पर जमकर मजे ले रहे हैं। कई यूजर्स ने इस पर मजेदार कमेंट्स किए। एक यूजर ने लिखा, 'इससे अच्छा तो 30 रुपये की टिप दे देते।' एक और यूजर ने कमेंट किया, 'मुफ्त में मिला पिज्जा देकर पुण्य कमाना चाह रहे थे। आपकी चालाकी वो समझ गया।'

एक अन्य यूजर ने अपना अनुभव शेयर करते हुए लिखा, ‘मुझे बर्गर किंग से गलती से एक बर्गर ज्यादा मिल गया था। जब मैंने वो डिलीवरी बॉय को दिया, तो उसने ऐसे मना किया जैसे मैं उसे जहर दे रहा हूं।’