High Protein Paratha Premix: अगर बच्चे समर कैंप जा रहे हैं, तो उनके लिए पहले से हाई प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स तैयार रखें। जो लंबे समय तक पेट भरा रखता है और सुबह के हेल्दी नाश्ते के लिए बेहतरीन ऑप्शन है। 

Paratha Premix Recipe in Hindi: अगर आप भी अपने बच्चों को कुछ हेल्दी खिलाना चाहते हैं। खासकर भरी गर्मी में जब बच्चे समर कैंप में जाते हैं, तो हाई प्रोटीन मील लेना बहुत जरूरी है। ऐसे में आप अपने बच्चों के लिए पहले से ही पराठा प्रीमिक्स बनाकर तैयार कर सकते हैं और जब उनके समर कैंप जाने का टाइम हो बस इसका आटा लगाएं और सुबह नाश्ते में कुछ पौष्टिक उनके लिए बनाएं। आइए हम आपको बताते हैं कि कैसे आप हाई प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स पहले से ही बना कर रख सकते हैं...

कैसे बनाएं हाई प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स

इंस्टाग्राम पर मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने हाई प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स बनाने का एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें उन्होंने बताया है कि आप अलग-अलग दाल, सत्तू , तिल और गेहूं के आटे का इस्तेमाल करके हाई प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स बना सकते हैं और उसे 3 से 6 महीने तक स्टोर करके रख सकते हैं। इसके हर 90 ग्राम आटे की लोई में 15 ग्राम प्रोटीन होता है, जो शरीर की डेली जरूरत को पूरा करने के लिए जरूरी है।

View post on Instagram

और पढे़ं- गोभी पराठा बनाते समय कब डालें नमक? जानिए ऐसे ही 4 सिंपल टिप्स

  • हाई प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स बनाने के लिए सबसे पहले ढाई सौ ग्राम धुली मूंग दाल और 50 ग्राम उड़द दाल को हल्का सा भून कर ठंडा कर लें।
  • दोनों दालों को बारीक पीसकर पाउडर बना लें।
  • इसी तरह से 50 ग्राम सफेद तिल को भी भूनकर ठंडा करके पीस लें।
  • अब एक बड़े बर्तन में 500 ग्राम गेहूं का आटा, ढाई सौ ग्राम सत्तू, पिसी हुई मूंग दाल, उड़द दाल और तिल पाउडर को मिलाएं।
  • इसके साथ एक चम्मच जीरा पाउडर, एक चम्मच काली मिर्च पाउडर, दो चम्मच कसूरी मेथी, एक चम्मच अजवाइन और स्वादानुसार नमक मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
  • आपका हाई प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स तैयार हो जाएगा, जिसे एयरटाइट डब्बे में आप 3 से 6 महीने तक सेफ रख सकते हैं।

पराठा प्रीमिक्स से पराठा बनाने का तरीका

पराठा प्रीमिक्स से आप झटपट पराठा बना सकते हैं। प्रीमिक्स के पाउडर को लें, इसमें पानी डालकर आटा गूथ लें। 5-10 मिनट से रेस्ट होने दें, फिर इसके पराठे बेलकर घी या तेल से दोनों तरफ से सेंककर बच्चों को सर्व करें। ये पराठा शरीर को ताकत देता है, लंबे समय तक पेट को भरा रखता है। इसे खाने से बार-बार भूख नहीं लगती है। खासकर गर्मी में बच्चों के लिए या कामकाजी लोगों के लिए यह बेस्ट नाश्ता हो सकता है।