Vrat wali aloo namkeen: नवरात्रि व्रत में शाम की क्रेविंग के लिए घर पर बनाएं कुरकुरी लच्छेदार आलू नमकीन। जानें आसान रेसिपी, जरूरी सामग्री और नमकीन को लंबे समय तक कुरकुरा रखने के टिप्स।

अगर आपने नवरात्रि व्रत रखा हुआ है लेकिन हर रोज शाम के वक्त होने वाली क्रेविंग परेशान कर रही है तो यह आर्टिकल खास है। जहां हम आपके लिए लेकर आए हैं लच्छेदार आलू नमकीन की रेसिपी, जिसे बिना परेशानी आप चाय संग फलहार के तौर पर खा सकते हैं। आलू से बनी यह नमकीन खाने में कुरकुरी होती है। खास बात है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होती है। आप घर में मौजूद कुछ चीजों की मदद से इसे आसानी से तैयार कर सकती हैं। हालांकि, इसे बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है वरना सारी मेहनत बर्बाद हो जाएगी। आइए जानते हैं आलू नमकीन बनाने की रेसिपी।

लच्छेदार आलू नमकीन बनाने के लिए सामग्री

  • 2 बड़े आलू
  • सेंधा नमक
  • काली मिर्च पाउडर
  • घी या रिफाइंड

नोट- व्रत में इस्तेमाल होने वाले नमक और मसालों को अपनी व्रत परंपरा के अनुसार चुनें। अगर आप सेंधा नमक का सेवन नहीं करती हैं, तो इसे छोड़ भी सकती हैं।

आलू नमकीन बनाने का आसान तरीका

सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर छील लें। इसके बाद उन्हें साफ कपड़े से पोंछ लें, ताकि सतह पर पानी न रहे। नमकीन बनाने के लिए ऐसे आलू लें जो सख्त हों और जिनमें ज्यादा अंकुर न निकले हों।

अब आलू को लच्छेदार नमकीन बनाने वाले ग्रेटर या जूलिएन कटर से पतले-पतले लंबे लच्छों में काट लें। लच्छे जितने पतले और एकसमान होंगे, नमकीन उतनी ही अच्छी तरह कुरकुरी बनेगी। सामान्य कद्दूकस का इस्तेमाल करते समय भी लच्छों को बहुत मोटा न रखें।

कटे हुए आलू के लच्छों को ठंडे पानी में डालकर हल्के हाथों से धो लें। पानी धुंधला हो जाए, तो उसे बदलकर दोबारा धोएं। इससे अतिरिक्त स्टार्च निकलने में मदद मिलती है और लच्छों के आपस में चिपकने की संभावना कम होती है।

यह इस रेसिपी का सबसे जरूरी चरण है। लच्छों को साफ सूती कपड़े या किचन टॉवल पर फैलाकर अच्छी तरह सुखा लें। उन पर नमी बची रहने से तलते समय तेल उछल सकता है और नमकीन कुरकुरी नहीं बनेगी।

कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल का तापमान मध्यम रखें और पहले एक-दो लच्छे डालकर जांच लें। अगर वे धीरे-धीरे बुलबुले छोड़ते हुए तलने लगें, तो थोड़े-थोड़े लच्छे डालें। उन्हें हल्के हाथों से अलग करते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। एक बार में बहुत ज्यादा लच्छे न डालें।

तले हुए लच्छों को छलनी या टिश्यू पेपर पर निकाल लें। जब अतिरिक्त तेल निकल जाए, तब स्वादानुसार सेंधा नमक और चाहें तो थोड़ा काली मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं। पूरी तरह ठंडा होने के बाद नमकीन को एयरटाइट डिब्बे में भर दें।

आलू नमकीन को कुरकुरा बनाने के 5 टिप्स

  • आलू की नमी हटाएं- लच्छों को धोने के बाद अच्छी तरह सुखाना जरूरी है।
  • तेल का तापमान सही रखें- बहुत ठंडे तेल में लच्छे तेल सोख सकते हैं, जबकि बहुत गर्म तेल में वे बाहर से जल्दी रंग पकड़कर जल सकते हैं।
  • छोटे बैच में तलें- इससे लच्छे आपस में चिपकेंगे नहीं और समान रूप से तलेंगे।
  • तलने के बाद ही नमक डालें- इससे लच्छों पर नमी आने की आशंका कम रहती है।
  • ठंडा होने पर डिब्बे में रखें- गर्म नमकीन को तुरंत बंद करने से भाप जमा हो सकती है और कुरकुरापन कम हो सकता है।

व्रत वाली आलू नमकीन कितने दिन तक स्टोर कर सकते हैं?

अगर आलू की नमकीन अच्छी तरह तली गई है, उसमें नमी नहीं बची है और उसे पूरी तरह ठंडा करके साफ, सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखा गया है, तो वह कई दिनों तक कुरकुरी रह सकती है।

अगर आप नवरात्रि के लिए पहले से नमकीन बनाकर रखना चाहती हैं, तो इसे व्रत शुरू होने से पहले तैयार करके पूरी तरह ठंडा होने के बाद पैक करें। इस तरह व्रत के दौरान आपका समय भी बचेगा और जब चटपटा खाने का मन होगा, तब घर की बनी कुरकुरी आलू नमकीन तैयार मिलेगी।