Cardamom Plant Growing Guide: इलायची का पौधा लगाने का सबसे अच्छा समय कौन-सा है? इलायची के पौधे के लिए कैसी मिट्टी उपयुक्त होती है? इलायची के पौधे से पैदावार मिलने में कितना समय लगता है?
How to Grow Cardamom at Home: इलायची को मसालों की रानी कहा जाता है। इसकी सुगंध और स्वाद किसी भी खाने-पीने की चीज का जायका बढ़ा देते हैं। यही वजह है कि कई लोग अपने घर के बगीचे या किचन गार्डन में इलायची का पौधा लगाना चाहते हैं। हालांकि, इलायची की सफल खेती के लिए सही समय, उपयुक्त मिट्टी और नियमित देखभाल बेहद जरूरी होती है। अगर शुरुआत से कुछ बातों का ध्यान रखा जाए, तो पौधा तेजी से बढ़ता है और भविष्य में अच्छी पैदावार भी दे सकता है।

इलायची लगाने का सही समय
इलायची का पौधा लगाने के लिए जून से अगस्त का समय सबसे बेहतर माना जाता है। मानसून के मौसम में मिट्टी में पर्याप्त नमी बनी रहती है, जिससे पौधे की जड़ें तेजी से विकसित होती हैं। इलायची को गर्म और नम वातावरण पसंद होता है, इसलिए बरसात का मौसम इसकी अच्छी ग्रोथ में मदद करता है। यदि आप गमले में पौधा लगा रहे हैं, तब भी इसी मौसम में रोपाई करना ज्यादा फायदेमंद रहता है।

मिट्टी और स्थान का चुनाव क्यों है जरूरी?
इलायची का पौधा ऐसी मिट्टी में अच्छी तरह बढ़ता है, जिसमें जैविक तत्व भरपूर मात्रा में मौजूद हों। मिट्टी का भुरभुरा होना और उसमें पानी की निकासी की अच्छी व्यवस्था होना भी जरूरी है। इसके अलावा इलायची को सीधी और तेज धूप पसंद नहीं होती, इसलिए इसे ऐसी जगह लगाना चाहिए जहां हल्की छाया और पर्याप्त नमी बनी रहे।
मिट्टी तैयार करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- मिट्टी में गोबर की सड़ी हुई खाद या कम्पोस्ट मिलाएं।
- जल निकासी वाली मिट्टी का चुनाव करें।
- गमले में नीचे छेद जरूर होना चाहिए।
- पौधे को तेज धूप की बजाय आंशिक छाया में रखें।
- मिट्टी को हमेशा हल्का नम बनाए रखें।
ये भी पढ़ें- मानसून आने से पहले बगीचे में कर लें ये 4 काम, भर-भर कर मिलेंगे फूल और सब्जियां
इलायची का पौधा कैसे लगाएं?
सबसे पहले किसी भरोसेमंद नर्सरी से स्वस्थ पौधा खरीदें। इसके बाद जमीन या बड़े गमले में 8 से 10 इंच गहरा गड्ढा तैयार करें। गड्ढे में खाद मिली मिट्टी भरें और पौधे को सावधानी से लगाएं। रोपाई के बाद हल्का पानी दें ताकि जड़ें मिट्टी में अच्छी तरह बैठ जाए। शुरुआती दिनों में पौधे का खास देखभाल करें।

अच्छी ग्रोथ और पैदावार के लिए करें ये काम
इलायची का पौधा नियमित देखभाल मांगता है। समय-समय पर सिंचाई, खाद और खरपतवार की सफाई करने से पौधा स्वस्थ बना रहता है। पौधे की पत्तियों पर कीट या रोग के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत उपचार करना चाहिए, ताकि उसकी वृद्धि प्रभावित न हो।
बेहतर पैदावार के लिए अपनाएं ये टिप्स
- हर 2 से 3 महीने में जैविक खाद डालें।
- पौधे के आसपास खरपतवार न उगने दें।
- जलभराव से बचाव करें।
- सूखी और पीली पत्तियों को समय-समय पर हटाएं।
- गर्मियों में नियमित सिंचाई करें।
- पौधे को तेज हवाओं से बचाकर रखें।
ये भी पढे़ं- विंडो फ्लावर बॉक्स के लिए बेस्ट हैं ये 5 फूल, बढ़ जाएगी घर की खूबसूरती
कितने समय में मिलने लगती है पैदावार?
इलायची का पौधा अन्य पौधों की तुलना में थोड़ा धीमी गति से बढ़ता है। सामान्य तौर पर पौधे को पूरी तरह बढ़ने और उत्पादन शुरू करने में 2 से 3 साल का समय लग सकता है। हालांकि सही देखभाल और अनुकूल वातावरण मिलने पर पौधा लंबे समय तक उत्पादन देता रहता है और अच्छी गुणवत्ता वाली इलायची प्राप्त होती है।
टिप्स
अगर आप अपने घर में इलायची का पौधा लगाना चाहते हैं, तो मानसून का मौसम इसके लिए सबसे उपयुक्त है। सही मिट्टी, पर्याप्त नमी और नियमित देखभाल के साथ यह पौधा अच्छी ग्रोथ करता है। थोड़े धैर्य और मेहनत के बाद आप अपने घर में उगाई गई ताजी और खुशबूदार इलायची का आनंद ले सकते हैं।
