केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों का DA 3% बढ़ाकर 53% कर दिया है। इससे कर्मचारियों को हर महीने ₹1200 तक का अतिरिक्त लाभ मिलेगा। रबी फसलों की MSP बढ़ाई गई है।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को अपने कर्मचारियों का DA (Dearness Allowance) 3% बढ़ाने की मंजूरी दी। अब कुल DA मूल वेतन का 53% हो गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 40 हजार रुपए है और उसका DA 3% बढ़ता है तो उसे हर महीने 1,200 रुपए अधिक मिलेंगे। कुल DA 21,200 रुपए प्रति माह होगा। पहले यह 20 हजार रुपए था। बेसिक सैलरी अधिक हो तो उसी अनुपात में DA की रकम ज्यादा होगी। इसी तरह बेसिक सैलरी कम होने पर DA की रकम कम होगी।

पेंशनभोगियों को भी डीए बढ़ने से होगा लाभ

केंद्र सरकार के कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए के साथ अक्टूबर का वेतन मिलेगा। इसके साथ ही पिछले तीन महीनों का बकाया भी मिलेगा। पेंशनभोगियों को डीए बढ़ने का लाभ होगा। बता दें कि महंगाई भत्ते में वृद्धि AICPI (All India Consumer Price Index) के आधार पर होती है। इसके द्वारा सरकार बढ़ती महंगाई का सामना करने में अपने कर्मचारियों की मदद करती है।

क्या है महंगाई भत्ता?

महंगाई भत्ता सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिया जाता है। इसका मकसद जीवन यापन खर्च में हुई वृद्धि का सामना करने में मदद देना है। मुद्रास्फीति दर के आधार पर महंगाई भत्ते को साल में दो बार संशोधित किया जाता है। महंगाई कितनी है और महंगाई भत्ता कितना होना चाहिए इसकी माप AICPI द्वारा की जाती है। इससे यह तय होता है कि महंगाई के बाद भी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की खरीदने की क्षमता बनी रहे। इससे पहले मार्च 2024 में DA 4% बढ़ाया गया था। इससे कुल DA 50% हो गया था।

2025-26 के लिए रबी फसलों के MSP को मिली मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मार्केटिंग सीजन 2025-26 के लिए रबी फसलों के लिए नए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को मंजूरी दी है। गेहूं का MSP 150 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाया गया है। नई कीमत 2,425 रुपए प्रति क्विंटल हो गई है। पिछले सीजन में यह 2,275 रुपए थी।

सरसों का MSP 300 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ा

सरसों के लिए MSP में 300 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ी है। यह 5,650 रुपए से बढ़कर 5,950 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है। चना के MSP में 210 रुपए की वृद्धि हुई है। अब एक क्विंटल चना की कीमत 5,650 रुपए हो गई है।