चक्रवात फेंगल ने पुडुचेरी के पास दस्तक दी, जिससे चेन्नई में भारी बारिश और बाढ़ आ गई। एयरपोर्ट 16 घंटे बंद रहा और तीन लोगों की मौत हो गई।

चेन्नई। चक्रवात फेंगल (Cyclone Fengal) ने शनिवार शाम को पुडुचेरी के निकट दस्तक दी है। इसके साथ भारी बारिश और तेज हवाएं आईं। मूसलाधार बारिश के कारण चेन्नई के कई हिस्से जलमग्न हो गए। तीन लोगों की मौत हुई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

चक्रवात के चलते चेन्नई एयरपोर्ट 16 घंटे तक बंद रहा। यह रविवार सुबह 4 बजे खुला। शनिवार से चेन्नई, इसके आसपास के जिलों और पुडुचेरी में लगातार बारिश हो रही है। इससे बस, ट्रेन और उड़ान सेवाओं सहित सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हुआ है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर स्थिर रहा। इसके कमजोर होकर गहरे दबाव में तब्दील होने की उम्मीद है।

Scroll to load tweet…

चक्रवात फेंगल से जुड़े 10 बड़े अपडेट

1. IMD ने कहा कि चक्रवात फेंगल पिछले एक घंटे के दौरान लगभग स्थिर रहा। यह अगले तीन घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होकर गहरे दबाव में बदल जाएगा।

2. फेंगल धीरे-धीरे पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। चेन्नई और कराईकल में डॉपलर मौसम रडार से इसकी निगरानी की जा रही है। चेन्नई में 11.4 सेमी, पुडुचेरी में 39 सेमी और कुड्डालोर में 8.3 सेमी बारिश हुई।

3. भारी बारिश के चलते चेन्नई एयरपोर्ट के दो रनवे और एक टैक्सीवे जलमग्न हो गए। शनिवार को चेन्नई एयरपोर्ट बंद कर दिया गया था। एयरपोर्ट पर लोगों की भारी भीड़ जुटी।

4. 55 फ्लाइट को रद्द और 19 को डायवर्ट किया गया है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानें प्रभावित हुईं हैं।

5. चेन्नई और उसके आस-पास के इलाकों में अस्पताल और घर पानी में डूब गए। शहर में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की बिजली गिरने से मौत हो गई। ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन ने करीब 2.32 लाख लोगों को खाना बांटा। 8 राहत शिविरों में निचले इलाकों के करीब 200 लोगों को रखा गया है।

6. तमिलनाडु के मंत्री KKSSR रामचंद्रन ने कहा कि चक्रवात के बाद किसी बड़े नुकसान की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं है। अधिक जानकारी रविवार तक मिलेगी।

7. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। एमके स्टालिन ने जमीनी हालात का आकलन करने के लिए उत्तरी जिलों के जिला कलेक्टरों और शीर्ष नागरिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चेंगलपेट जिले में एक राहत शिविर में रहने वालों से बात की।

8. उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि 6 सबवे में पानी भर गया है। इसे निकाला जा रहा है। 334 स्थानों पर युद्ध स्तर पर जलभराव को साफ करने के लिए 1,700 मोटर पंपों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

9. चेन्नई में लगातार बारिश के बावजूद दूध की आपूर्ति और सफाई कर्मचारियों की सेवाएं जारी रहीं। तेज हवाओं के कारण अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। संवेदनशील क्षेत्रों में 18 आपदा राहत दल तैनात किए गए।

10.पुडुचेरी में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन ने 12 लाख लोगों को SMS भेजकर फेंगल से सतर्क रहने के लिए कहा था।

यह भी पढ़ें- प्रियंका गांधी का वायनाड दौरा, जानें सांसद ने लोगों से क्या किया वादा