दिल्ली में गुरुवार सुबह घना कोहरा दिखा। न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। विजिबिलिटी जीरो के करीब होने से 134 फ्लाइट्स को देर हुई।

नई दिल्ली। ठंड बढ़ने के साथ ही गुरुवार सुबह दिल्ली कोहरे की चादर ओढ़े नजर आई। कोहरा इतना घना था कि विजिबिलिटी जीरो के करीब पहुंच गई। इसके चलते 134 फ्लाइट का परिचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों के परिचालन पर भी कोहरे ने असर डाला है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिल्ली में न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। खराब विजिबिलिटी के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 134 फ्लाइट्स को देर हुई। एयरपोर्ट पर विमान की लैंडिंग और टेकऑफ मुश्किल हो गई थी। घने कोहरे के चलते दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को देर हुई है। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

सफदरजंग में 50 मीटर थी विजिबिलिटी

गुरुवार सुबह 5.30 बजे तक उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा (0-25 मीटर) देखा गया। दिल्ली के सफदरजंग में विजिबिलिटी 50 मीटर और पालम में 25 मीटर दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर में तापमान में गिरावट जारी है। पूरा उत्तर भारत शीत लहर का सामना कर रहा है।

शुक्रवार को भी रहेगा घना कोहरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि दिल्ली शुक्रवार को रात और सुबह के दौरान "घने से बहुत घने" कोहरे में लिपटी रहेगी। दिल्ली में सुबह के समय ज्यादातर जगहों पर आसमान साफ रहने और घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 29 दिसंबर तक घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने कहा है कि 30 दिसंबर से हिमालय क्षेत्र में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके चलते 31 दिसंबर या 1 जनवरी से उत्तरी और मध्य मैदानी इलाकों में बारिश होगी। इसके बाद हवा का पैटर्न बदलेगा और कोहरे से राहत मिलने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली तक पहुंचा कोरोना के JN.1 वेरिएंट का संक्रमण, मिला पहला मरीज, पूरे देश में संक्रमितों की संख्या 109

उत्तर प्रदेश में बदला गया स्कूलों का समय

उत्तर प्रदेश में शीतलहर के कारण स्कूलों का समय बदला गया है। सरकार ने गुरुवार और शुक्रवार को विभिन्न शहरों में स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा की। गाजियाबाद में क्लास 1 से 8 तक के सभी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। अलीगढ़ में क्लास 1 से 12 तक के सभी स्कूलों को गुरुवार और शुक्रवार को बंद कर दिया गया है। मथुरा में स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेंगे। राज्य सरकार ने उत्तर भारत में शीत लहर के कारण 31 दिसंबर 2023 से 14 जनवरी 2024 तक 15 दिनों के लिए शीतकालीन अवकाश की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें- मोदी सरकार ने रद्दी बेचकर कमाए 1163 करोड़, इतने पैसे में भेजे जा सकते हैं दो चंद्रयान-3 मिशन