कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या मामले में उनकी पत्नी पल्लवी मुख्य आरोपी है। हत्या से पहले पल्लवी ने गूगल पर 'गर्दन की नस काटने से मौत' के बारे में सर्च किया था। पुलिस ने पल्लवी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Om Prakash Murder: कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या मामले में पुलिस जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ा रही है, एक से एक सनसनीखेज जानकारी सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश की पत्नी लंबे समय से अपने पति को जान से मारने की तैयारी में थी। उसने Google पर सर्च किया था कि किसी व्यक्ति को किस तरह मारा जा सकता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ओम प्रकाश की हत्या मामले में अभी तक मुख्य आरोपी उनकी पत्नी पल्लवी है। पल्लवी ने अपने मोबाइल फोन से Google पर जाकर सर्च किया था कि गर्दन के पास की नसों और खून की नलियों को काटने से व्यक्ति की मौत कैसे होती है। हत्या से पांच दिन पहले पल्लवी ने गूगल पर यह सर्च किया था।

चाकू से गोदकर हुई ओम प्रकाश की हत्या

ओम प्रकाश रविवार शाम को बेंगलुरु स्थित अपने घर में मृत मिले थे। उन्हें चाकू से गोदकर मारा गया था। पुलिस ने ओम प्रकाश की पत्नी पल्लवी और उनकी बेटी कृति को हिरासत में लिया था। सोमवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद पल्लवी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, कृति को दिमागी हालत की जांच के लिए निम्हान्स में भर्ती कराया गया है।

पल्लवी को क्राइम सीन पर ले गई पुलिस

सोमवार शाम को पुलिस पल्लवी को लेकर क्राइम सीन पर पहुंची। इस दौरान उससे घटना के बारे में विस्तार से पूछा गया। सूत्रों के अनुसार उसने "घरेलू हिंसा" का शिकार होने की बात कही है। ओम प्रकाश की हत्या के लिए पल्लवी ने पूरी तैयारी की थी।

पति को चाकू घोंपने से पहले पल्लवी ने व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज शेयर किए। इसमें दावा किया गया था कि उसे उसके ही घर में बंधक बनाकर रखा गया है। उस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उसने जहर दिए जाने का आरोप लगाया और अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर बी दयानंद ने इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) को सौंप दिया है।