कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने संकेत दिया है कि कर्नाटक सरकार हिजाब पर लगा प्रतिबंध वापस ले सकती है। इसके साथ ही उन्होंने RSS पर बैन लगाने की चेतावनी दी है।

बेंगलुरु। कर्नाटक में बनी कांग्रेस की सरकार शिक्षण संस्थानों में हिजाब पहनने पर लगे प्रतिबंध को वापस ले सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे और राज्य सरकार में मंत्री प्रियांक खड़गे ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही उन्हों आरएसएस पर बैन लगाने की चेतावनी भी दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रियांक खड़गे ने कहा कि अगर राज्य में शांति भंग हुई तो उनकी सरकार बजरंग दल पर बैन लगा सकती है। उन्होंने कहा, "भाजपा ढीली तोप बन गई है। उनकी जुबान और दिमाग के बीच का संपर्क खत्म हो गया है। वे बोलने से पहले नहीं सोचते। वे सोचते हैं कि कुछ भी कहकर बच जाएंगे। अब कर्नाटक में ऐसा नहीं होगा। लोगों को इस बात पर बहुत ध्यान रखना होगा कि क्या बोल रहे हैं।"

कर्नाटक की कानून व्यवस्था को खतरा हुआ तो बैन लगाने से पीछे नहीं हटेंगे

आरएसएस पर प्रतिबंध के बारे में प्रियांक खड़गे ने कहा, "कोई भी धार्मिक, राजनीतिक या सामाजिक संगठन हो अगर वे कर्नाटक में असंतोष और वैमनस्य के बीज बोते हैं तो उन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम उनसे कानूनी और संवैधानिक तरीके से निपटेंगे। चाहे वह बजरंग दल हो, पीएफआई हो या कोई और संगठन। कर्नाटक की कानून व्यवस्था को खतरा हुआ तो हम इनपर बैन लगाने से पीछे नहीं हटेंगे।"

एमनेस्टी इंडिया ने कर्नाटक में हिजाब पर प्रतिबंध वापस लेने की मांग की है। इसपर प्रियांक ने कहा, “हमारा स्टैंड बहुत साफ है। हम ऐसे आदेशों की समीक्षा करेंगे। हम ऐसे हर विधेयक की समीक्षा करेंगे जो कर्नाटक की आर्थिक नीतियों के खिलाफ हो। ऐसे हर विधेयक पर विचार किया जाएगा, जिससे राज्य की खराब छवि बन रही हो। जरूरी होने पर ऐसे विधेयक को खारिज किया जाएगा।"

गौरतलब है कि कर्नाटक में शिक्षण संस्थानों में हिजाब पहनने पर रोक का फैसला पिछली भाजपा सरकार ने लिया था। इस मामले ने खूब तूल पकड़ा था। इसके बाद मामला हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में गया। पिछले दिनों संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में हिजाब पर रोक और बजरंग दल पर बैन जैसे मुद्दे खूब उठाए गए थे।