मध्य प्रदेश के बैतूल में रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी की सबसे बड़ी दुश्मन है। इसने ओबीसी के कोटे से कर्नाटक में मुसलमानों को आरक्षण दिया है। 

बैतूल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार के क्रम में बुधवार को मध्य प्रदेश के बैतूल में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक में कांग्रेस सरकार द्वारा ओबीसी कोटे से मुसलमानों को आरक्षण दिए जाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ओबीसी की सबसे बड़ी दुश्मन है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नरेंद्र मोदी ने कहा, "2024 के इस चुनाव ने कांग्रेस पार्टी की कलई देश के सामने खोल दी है। कांग्रेस का खतरनाक छिपा हुआ एजेंडा खुलकर देश के सामने आ गया है। सेक्युलरिज्म के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करने वाली कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की मूलभूत भावना की भी हत्या कर दी है। अब ये खुलकर सामने आ गया है कि कांग्रेस पार्टी दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों से कितनी ज्यादा नफरत करती है।"

संविधान की मूल भावना के खिलाफ हैं कांग्रेस के कारनामे

पीएम ने कहा, "आजादी के बाद कांग्रेस का सबसे बड़ा विरोध बाबा साहेब आंबेडकर ने किया था। बाबा साहेब दूर का देख सकते थे। कांग्रेस देश को कैसे पतन के राह पर ले जा रही है, ये बाबा साहेब ने उस समय देख लिया था। ये बाबा साहेब आंबेडकर थे जिन्होंने धर्म के आधार पर आरक्षण दिए जाने का कड़ा विरोध किया था। हमारे संविधान निर्माताओं ने लंबे समय तक इसकी चर्चा की थी। सभी ने मिलकर धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दे सकते निर्णय किया था। ये हमारे संविधान की मूल भावना थी। लेकिन कांग्रेस के कारनामे संविधान की मूल भावना के भी खिलाफ हैं।"

उन्होंने कहा, "कांग्रेस हमेशा बाबा साहेब के संविधान को मिटाने और एससी, एसटी, ओबीसी के आरक्षण को छीनने की कोशिश करती रही है। कांग्रेस एससी, एसटी, ओबीसी से आरक्षण छीनकर उसे अपने खास वोट बैंक को देना चाहती है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनी थी तब उन्होंने सबसे पहले आंध्र प्रदेश में धर्म आधारित आरक्षण की शुरुआत की थी, लेकिन तब कांग्रेस अपने मंसूबों में पूरी तरह कामयाब नहीं हो पाई थी। कांग्रेस पार्टी अभी भी वो खेल खेलना चाहती है। कांग्रेस ने कर्नाटक में ओबीसी को जो आरक्षण मिलता है उस कोटे से आरक्षण का हिस्सा छिनने के लिए कर्नाटक में जितने मुसलमान हैं सभी को ओबीसी बना दिया। कांग्रेस की ये हरकत पूरे देश के ओबीसी समाज के लिए खतरे की घंटी है।"

वोट बैंक को खुश करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है कांग्रेस

पीएम मोदी ने कहा, "अपने घोषणापत्र में भी कांग्रेस लगातार धर्म आधारित आरक्षण की बात कर रही है। तेलंगाना के कांग्रेसी मुख्यमंत्री ने अभी हाल ही में नाम लेकर कहा है कि वो मुसलमानों को आरक्षण दिलवाकर रहेंगे। कांग्रेस अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। अब कांग्रेस ने देश के लोगों की संपत्ति छीनकर अपने वोट बैंक को मजबूत करने तैयारी कर रही है।"

उन्होंने कहा, "अगर किसी के पास एक से ज्यादा गाड़ी, एक से ज्यादा बाइक, घर होगा तो कांग्रेस कहती है कि हम ऐसा कानून बनाएंगे कि आपका जो एक से अधिक है वो कांग्रेस की सरकार छीन लेगी, जब्त कर लेगी। आपका गांव और शहर में घर है तो एक ही घर रह सकेंगे। कांग्रेस कहती है कि दो में से एक दे दो, क्योंकि वो अपने खास लोगों में बांटना चाहती है। वो कहते हैं एक्सरे करेंगे देश का और देश की महिलाओं के पास कितने गहने हैं इसकी भी जांच कराई जाएगी। किस महिला के पास कितना स्त्री धन है, इसकी भी जांच कराई जाएगी। मंगलसूत्र कैसे छीन लिया जाए, इसकी योजना बनाई जाएगी। ये सब संपत्ति सोना-चांदी छीनकर कांग्रेस अपने वोट बैंक मजबूत करने के खेल खेल रही है। इस बात का कांग्रेस के नेता अपनी रैलियों में पूरा ऐलान कर रहे हैं।"

यह भी पढ़ें- जनता के धन पर पहली बार नहीं कांग्रेस की नजर, एक वक्त था जब अपने ही पैसे निकालने को तरसते थे लोग

जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी लूट है कांग्रेस का मंत्र

मोदी ने कहा, “कांग्रेस कैसे आपकी संपत्ति लूटना चाहती है इसका एक और उदाहरण आज देश के सामने आया है। कांग्रेस के शहजादे के सलाहकार, कांग्रेस के बड़े नेता ने कहा है कि भारत में विरासत टैक्स लगना चाहिए। आपके दादा-दादी, माता-पिता ने जो कुछ बताया है। उनके स्वर्गवास के बाद जो आपको मिलेगा, उसमें से आधा कांग्रेस सरकार हड़प करना चाहती है। इस बयान पर बवाल के बाद अब कांग्रेस झूठ बोल रही है। कह रही है कि ये तो शहजादे के सलाहकार की व्यक्तिगत राय है। सच्चाई ये हैं कि 2011 में भी कांग्रेस ने विरासत टैक्स की वकालत की थी। कांग्रेस के तब के एक बड़े मंत्री ने प्लानिंग कमिशन में कहा था कि विरासत टैक्स का विचार किया जाए। कांग्रेस का मंत्र है, कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी।”

यह भी पढ़ें- 1985 में राजीव गांधी ने खत्म किया था विरासत टैक्स, इंदिरा गांधी ने पोते-पोतियों को दी 173,000 डॉलर की संपत्ति