अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार ड्रग्स के खिलाफ पूरी तरह से जीरो टालरेंस पॉलिसी अपनाएगी।

AAP Vs Congress: पंजाब में कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा की आप सरकार द्वारा गिरफ्तारी के बाद INDIA गठबंधन की दो प्रमुख पार्टियों में घमासान मचा हुआ है। पंजाब में आप और कांग्रेस के आमने-सामने आने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वह कभी भी INDIA गठबंधन को नहीं छोड़ेंग। वह विपक्षी गठबंधन के लिए प्रतिबद्ध हैं। हालांकि, अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार ड्रग्स के खिलाफ पूरी तरह से जीरो टालरेंस पॉलिसी अपनाएगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

क्या कहा अरविंद केजरीवाल ने पंजाब प्रकरण में?

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि INDIA गठबंधन में किसी प्रकार का अंदरूनी कलह नहीं है। हम INDIA के प्रति प्रतिबद्ध हैं। आम आदमी पार्टी INDIA से कभी अलग नहीं होगी। केजरीवाल ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ पंजाब सरकार प्रतिबद्ध है। मुझे पता चला है कि पंजाब पुलिस ने कुछ कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार किया है। मेरे पास डिटेल नहीं है, वह पुलिस से प्राप्त की जा सकती है। हालांकि, पंजाब में हमने नशीली दवाओं के खिलाफ जो अभियान छेड़ा है वह बंद नहीं होगी। मैं किसी भी व्यक्तिगत मामले पर कमेंट नहीं करूंगा, लेकिन हम ड्रग्स को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पंजाब में आप और कांग्रेस के बीच तकरार

कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा को 2015 के ड्रग्स मामले में अरेस्ट किया गया था। इस अरेस्ट के बाद आप और कांग्रेस के बीच लड़ाई तेज हो गई है। दोनों दल INDIA ब्लॉक का हिस्सा हैं। विपक्षी गठबंधन 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी सरकार के खिलाफ बना है। लेकिन पंजाब के प्रकरण ने दोनों दलों के बीच कलह को बढ़ा दिया है।

लोकसभा चुनाव में पंजाब और दिल्ली में दोनों दल टकराएंगे

लोकसभा चुनाव 2024 में होना है। INDIA गठबंधन में 26 से अधिक राजनीतिक दल शामिल हैं। बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के खिलाफ बनें इस गठबंधन के दल हर सीट पर एक संयुक्त कैंडिडेट उतारने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। लेकिन पंजाब के ताजा गतिरोध के बीच दो राज्यों पंजाब और दिल्ली में सीटों के बंटवारे में INDIA को दिक्कतें आ सकती हैं। दिल्ली में सात लोकसभा सीटें हैं तो पंजाब में 13 लोकसभा सीटें हैं।

पंजाब कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर टारगेट कर कार्रवाई का आरोप

पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने शुक्रवार को आलाकमान से मुलाकात कर बताया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार टारगेट कर कार्रवाई कर रही है। सुखपाल सिंह खैरा के पहले पूर्व मंत्रियों साधु सिंह धर्मसोत, भारत भूषण आशु, पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी को गिरफ्तार करा चुकी है। कांग्रेस के पंजाब प्रमुख अमरिंदर राजा वारिंग ने दावा किया कि उनको खैरा से मिलने से रोका गया। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस दोनों पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को खैरा के खिलाफ झूठे मामले के बारे में जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि हम चुप नहीं रह सकते। हम अंत तक लड़ेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने पंजाब कांग्रेस को किया सपोर्ट

पंजाब में बढ़े तकरार के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर कोई हमारे साथ अन्याय करता है तो हम उसे बर्दाश्त करने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैं इसका डिटेल लूंगा लेकिन मामला कुछ भी हो, अगर कोई अन्याय करता है तो वह ज्यादा दिनों तक रह नहीं पाएगा।

यह भी पढ़ें:

I.N.D.I.A को पंजाब में बड़ा झटका: सुखपाल सिंह खैरा की गिरफ्तारी के बाद आप-कांग्रेस आमने-सामने