हैदराबाद में 40 दिन पहले लापता हुई महिला की हत्या उसके सास-ससुर ने कर दी। 20 साल पहले हुई शादी की रंजिश के चलते उन्होंने बहू को जहर देकर और सिर कुचलकर मार डाला।

हैदराबाद। 40 दिन पहले लापता हुई महिला के मामले की जांच कर रही तेलंगाना पुलिस ने एक खौफनाक राज से पर्दा हटाया है। महिला की हत्या उसके ससुराल के लोगों ने की थी। यह सब 20 साल पुरानी दुश्मनी के चलते किया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आरोपियों ने महिला के प्रति इस बात से दुश्मनी पाल रखी थी कि उसने 20 साल पहले उनके बेटे से शादी की थी। शमशाबाद पुलिस ने कहा कि नवंबर में एम सुरेश ने शिकायत दी थी कि उनकी पत्नी एम दल्ली (32) लापता है। लंबे समय तक उसका पता लगाने के प्रयासों के बावजूद वह उसे नहीं ढूंढ पाए। सुरेश ने शक जताया कि उसकी पत्नी के गायब होने के पीछे उसकी मां तुलसी और पिता अनंथी का रोल हो सकता है।

पुलिस अधिकारियों ने तुलसी और अनंथी को हिरासत में लिया और पूछताछ की। कड़ी पूछताछ किए जाने पर दोनों टूट गए और स्वीकार कर लिया कि दो महीने पहले तुलसी ने दल्ली की हत्या कर दी थी।

सास ने फोन कर बुलाया और बहू को दे दिया जहर

हत्या से पहले तुलसी ने दल्ली को फोन करके मिलने के लिए बुलाया था। जब दल्ली सथमराय आई तो तुलसी ने उसे ताड़ी पिलाई, जिसमें जहर मिला हुआ था। इसके बाद उसने अनंथी को फोन किया और दोनों ने पत्थर से उसका सिर कूंच दिया। सबूत छिपाने के लिए दोनों शव को एक खेत में ले गए जहां वे काम करते थे और दफना दिया।

दोनों के कबूलनामे के आधार पर पुलिस खेत में पहुंची और शव बाहर निकाला। आरोपियों ने कहा कि 20 साल पहले पीड़िता ने उनकी मर्जी के खिलाफ सुरेश से शादी कर ली थी। इसके बाद से वे उससे रंजिश रखते थे। सुरेश और दल्ली के दो बच्चे हैं। बच्चों में से एक ने अपने पिता सुरेश को बताया था कि मां को आखिरी बार दादी से बात करते देखा था। इससे सुरेश को अपने माता-पिता पर शक हो गया था। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनपर हत्या से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं। आरोपी खेतिहर मजदूर हैं।

यह भी पढ़ें- लिव इन पार्टनर को मारकर फ्रिज में डाला, 6 महीने सड़ती रही लाश, यूं खुला राज