बेंगलुरु में एक शख्स ससुराल वालों से नफरत और अपमान का बदला लेने की सनक में एक कैब ड्राइवर ऐसा कातिल बना कि उसने पत्नी समेत 7 लोगों की जान ले ली। 15 दिन तक तीन चरणों में चलता रहा मौत का खेल, पहले खिलाता था नींद की गोलियां और फिर पत्थर से कुचल देता था सिर।

कर्नाटक के बेंगलुरु में एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों की हत्या का आरोप है। आरोपी ने करीब 15 दिनों में तीन चरणों में सात लोगों की जान ली। वह पहले लोगों को खाने और शराब में नींद की गोलियां देकर बेहोश करता, फिर पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर देता था। इतना ही नहीं, शवों को अपनी कार में ले जाकर अलग-अलग जगहों पर फेंकता था। पुलिस जांच में इस खौफनाक वारदात के कई चौंकाने वाले पहलू सामने आए हैं।

कौन है सात हत्याओं का आरोपी?

आरोपी की पहचान इंदुशेखर उर्फ शेखर (52) के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु के राजाजीनगर इलाके में रहता है और कैब चलाता है। उसकी शादी सुनीता से करीब 20 साल पहले हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। सुनीता का अपने मायके के परिवार से मिलना-जुलना भी आरोपी को पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर अक्सर झगड़े होते थे।

तीन चरणों में दिया वारदात को अंजाम

1. पहले पत्नी और सास की हत्या: पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 16 अक्टूबर को अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की। इसके बाद 18 अक्टूबर को घर आई सास रूपावती को भी निशाना बनाया।

2. फिर साले के परिवार को मारा: 24 और 25 अक्टूबर को आरोपी ने अपने साले शिवकुमार, उसकी पत्नी दिव्या और सात साल के बेटे पुनीत की हत्या कर दी। उसने परिवार को खाने पर बुलाया था।

3. तीसरे चरण में दो और हत्याएं: 31 अक्टूबर और 1 नवंबर के दौरान आरोपी ने दूसरे साले शंकर और उसकी पत्नी नलिनी की भी हत्या कर दी। इस तरह कुल सात लोग मारे गए।

शव ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल की कार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी शवों को बोरियों और प्लास्टिक में भरकर अपनी कार से अलग-अलग जगहों पर ले जाता था। उसने कथित तौर पर खून के निशान साफ करने के लिए सामान और केमिकल भी खरीदे थे। शवों को कर्नाटक और तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों में फेंका गया।

कैसे पकड़ा गया आरोपी?

  • मामले का खुलासा तब हुआ जब परिवार के सदस्य लगातार लापता होने लगे। नलिनी की मां ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी पर शक हुआ। मोबाइल लोकेशन और दूसरी जानकारियों के आधार पर उससे पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
  • आरोपी ने पुलिस पूछताछ में सात हत्याओं की बात कबूल की है। मामले में उसकी नाबालिग बेटी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने सभी सात शव बरामद कर लिए हैं और अब हत्या के पूरे घटनाक्रम और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।