पश्चिम बंगाल में 12 साल की बच्ची से रेप और हत्या के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। सीसीटीवी में आरोपी बच्ची के साथ दिखा था, जिसके बाद वह फरार हो गया था। पुलिस ने उसे खोज निकाला और गोलीबारी के बाद अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर में 12 साल की बच्ची के साथ रेप और हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में गायब होने से कुछ घंटे पहले बच्ची को आरोपी के साथ साइकिल पर देखा जा सकता है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी साइकिल चला रहा था और बच्ची पीछे बैठी थी। आरोपी ने काले रंग की जींस और गुलाबी रंग का टॉप पहना हुआ था। इसके बाद वह बच्ची को कुलिक नदी दिखाने के बहाने एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने कथित तौर पर बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
अधिकारियों का कहना है कि बच्ची आरोपी को जानती थी और उसे 'जेठू' (चाचा) कहकर बुलाती थी। इसके बाद बच्ची गायब हो गई। जांचकर्ताओं को पता चला है कि आरोपी ने बच्ची के पिता से 300 रुपये भी चुराए थे और जब परिवार बच्ची को ढूंढ रहा था, तो उसने मदद करने का नाटक भी किया था।
दो दिन बाद, कुलिक नदी के पास एक जंगल में बच्ची का नग्न और सड़ा-गला शव मिला, जिसके बाद परिवार ने रेप और हत्या की शिकायत दर्ज कराई। तब से आरोपी फरार था।
रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गौरी ग्राम पंचायत इलाके में छिपा है, जिसके बाद पुलिस ने वहां तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों का दावा है कि ऑपरेशन के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस की गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का क्या कहना है?
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'हम पिछले चार दिनों से आरोपी की तलाश कर रहे थे। एक गुप्त सूचना के आधार पर, हमारी टीम ने उसे बंगाल-बिहार सीमा के पास पारपुकुर में खोज निकाला। उसने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद आत्मरक्षा में हमने भी जवाबी फायरिंग की।'
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'क्या पुलिस हर आरोपी को गोली मारती है? जब कोई पुलिस पर हमला करता है, तो वे आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हैं।'














