बिहार के मुजफ्फरपुर में एक 82 वर्षीय बुजुर्ग के खाते में अचानक 759 करोड़ रुपये आ गए। उनके दिव्यांग बेटे के खाते में भी इतनी ही राशि जमा हुई। यह घटना बैंक की तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुई मानी जा रही है।
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक 82 साल के बुजुर्ग उस वक्त हैरान रह गए, जब उनके बैंक खाते में अचानक 759 करोड़ रुपये आ गए। यह घटना रविवार की है, जब 82 साल के कामेश्वर मिश्र अपनी वृद्धावस्था पेंशन निकालने के लिए बैंक गए थे। जब उन्होंने अपना अकाउंट बैलेंस चेक किया तो उनकी आंखें फटी की फटी रह गईं।
हैरानी की बात यह है कि उनके दिव्यांग बेटे के खाते में भी इतनी ही बड़ी रकम जमा हुई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ऐसा बैंक की किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से हुआ है। पेंशन के पैसे निकालने के बाद जब कामेश्वर ने बैलेंस चेक किया, तो उनके खाते में 7,59,69,51,951 रुपये दिख रहे थे।
उनके बेटे के अकाउंट में भी लगभग इतनी ही रकम दिखाई दे रही थी। कामेश्वर मिश्र, जो पेशे से एक कवि भी हैं, ने बताया कि दोनों के खातों को मिलाकर यह रकम करीब 1500 करोड़ रुपये थी। इस घटना के बाद उन्होंने फौरन बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अब वह इस मामले में जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इतनी बड़ी रकम बुजुर्ग और उनके बेटे के खाते में आखिर कैसे पहुंची।
बिहार: कटिहार में छात्र के खाते में 900 करोड़ रुपए (2021)
कटिहार जिले के दो स्कूली छात्रों के बैंक खाते में अचानक सैकड़ों करोड़ रुपये दिखाई दिए। एक छात्र के खाते में लगभग 900 करोड़ रुपये और दूसरे के खाते में भी भारी रकम दिखाई दी। बैंक ने जांच के बाद इसे तकनीकी त्रुटि बताया और रकम को फ्रीज कर दिया। मामला मीडिया और सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ।
तमिलनाडु: कैब ड्राइवर के खाते में 9,000 करोड़ रुपए (2023)
चेन्नई के एक कैब ड्राइवर के खाते में अचानक लगभग 9,000 करोड़ रुपये क्रेडिट दिखने लगे। बैंक ने कुछ समय बाद गलती का पता लगाकर राशि वापस ले ली। ड्राइवर ने मीडिया को बताया कि बैलेंस देखकर वह खुद हैरान रह गया था।
गुजरात: महिला के खाते में करोड़ों रुपए
गुजरात में एक महिला के बैंक खाते में गलती से करोड़ों रुपये दिखाई देने का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि यह बैंक की प्रोसेसिंग या तकनीकी त्रुटि थी। बैंक ने खाते को अस्थायी रूप से रोककर अमाउंट वापस ले ली।
DBT/बैंकिंग एरर की वजह से होता है ऐसा...
समय-समय पर सरकारी योजनाओं (DBT), बैंकिंग सिस्टम या RTGS/NEFT प्रोसेसिंग की गड़बड़ी के कारण कुछ लोगों के खातों में लाखों रुपए ट्रांसफर हो जाता है। ज्यादातर मामलों में बैंक ने जांच के बाद एक्स्ट्रा अमाउंट वापस ले लिया। कई मामलों में अकाउंट होल्डर्स से अमाउंट खर्च ना करने की अपील की गई।
ऐसे मामलों में क्या करना चाहिए?
- खाते में अचानक बड़ी रकम आए तो उसे अपनी इनकम ना मानें।
- तत्काल संबंधित बैंक शाखा या कस्टमर केयर को सूचना दें।
- उस अमाउंट को निकालने या खर्च करने से बचें।
- बैंक तत्काल संपर्क करें।
