Bankipur Datia By Election Result: दतिया और बांकीपुर उपचुनाव के रुझानों में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। जानिए ये सीटें क्यों खास हैं और क्या बड़े राजनीतिक संकेत दे रहे हैं।

Datia Bankipur Result Political Signals: देश के दो अलग-अलग राज्यों की दो हाई-प्रोफाइल सीटों बिहार की बांकीपुर और मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है। वोटों की गिनती के साथ ही राजनीतिक दलों की सांसें अटकी हुई हैं। शुरुआती रुझानों और काउंटिंग के बीच इन सीटों के नतीजे सिर्फ एक विधायक के हार-जीत तय करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये आने वाले समय की राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीति की दिशा तय करने वाले हैं। यही कारण है कि दोनों ही सीटों की देशभर में चर्चा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर क्यों इन दोनों सीटों के रिजल्ट पर हर किसी की नजर टिकी है और इनसे क्या बड़े सियासी संदेश मिल रहे हैं? आइए इसके 5 सबसे बड़े कारण जानते हैं...

प्रशांत किशोर की पहली चुनावी परीक्षा

बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर सीट पर इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। चुनाव रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (जन सुराज पार्टी) खुद इस मैदान में उतरे हैं। प्रशांत किशोर ने लंबे समय तक राज्यभर में पदयात्रा करने के बाद अपनी पार्टी बनाई है। बांकीपुर का यह चुनाव उनके लिए एक बड़ा लिटमस टेस्ट है कि उनकी मेहनत जमीन पर वोटों में कितनी बदल पाती है। शुरुआती रुझानों में जिस तरह यहां कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, हालांकि, प्रशांत किशोर लीड कर रहे हैं।

बीजेपी के सबसे सुरक्षित किले की साख दांव पर

बांकीपुर सीट को बीजेपी का सबसे मजबूत और अजय किला माना जाता है। साल 1995 से लेकर अब तक (पुराने पटना पश्चिम क्षेत्र सहित) इस सीट पर हमेशा कमल ही खिला है। यहां से लगातार पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह उपचुनाव हो रहा है। बीजेपी ने यहां युवा चेहरे नीरज कुमार सिन्हा को उतारा है। पार्टी के लिए अपने इस पुराने और सबसे सेफ गढ़ को बचाए रखना नाक का सवाल बना हुआ है।

मध्यप्रदेश के दतिया में नया समीकरण और कड़ा मुकाबला

मध्यप्रदेश की दतिया सीट पर भी माहौल पूरी तरह गर्म है। कांग्रेस विधायक के अयोग्य घोषित होने के बाद यहां उपचुनाव कराना पड़ा। यह सीट पारंपरिक रूप से बीजेपी के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा का प्रभाव क्षेत्र मानी जाती रही है, लेकिन इस बार बीजेपी ने यहां से आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है। वहीं कांग्रेस ने अनुभवी नेता घनश्याम सिंह पर दांव खेला है। पहले दौर से ही दोनों दलों के बीच जिस तरह कांटे की टक्कर चल रही है, उससे साफ है कि जनता इस बार बदलाव चाहती है या पुराने समीकरण के साथ है, इसका फैसला जल्द होने वाला है।

कम मतदान बनाम जनता का छिपा हुआ गुस्सा

इन उपचुनावों में एक और खास बात देखने को मिली है। जहां एक तरफ दतिया में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बंपर वोटिंग हुई, वहीं बांकीपुर जैसे शहरी इलाके में वोटिंग प्रतिशत काफी कम करीब 34% रहा। शहरी सीटों पर कम मतदान हमेशा से राजनीतिक दलों और पंडितों के लिए सिरदर्द रहता है। यह इस बात का संकेत है कि आम वोटर या तो घर से निकला नहीं या फिर उसने खामोश रहकर किसी बड़े बदलाव का इशारा किया है। यह साइकोलॉजिकल फेक्टर परिणामों को कभी भी पलट सकता है।

आने वाले बड़े चुनावों की दिशा तय करेंगे ये नतीजे

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दतिया और बांकीपुर जैसी वीवीआईपी सीटों के उपचुनाव भले ही छोटे स्तर पर हो रहे हों, लेकिन इनके दूरगामी परिणाम तय हैं। इन परिणामों से यह संदेश जाएगा कि जनता मौजूदा सरकार के कामकाज से कितनी खुश या नाराज है। साथ ही, क्षेत्रीय दलों और नए राजनीतिक विकल्पों के लिए यह एक बड़ा आईना साबित होगा कि जनता अब पारंपरिक राजनीति से हटकर क्या सोच रही है।