Pakistan Market Blast: पाकिस्तान के नौरंग बाजार में हुए भीषण धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
Suicide Blast In Pakistan: पाकिस्तान एक बार फिर आतंक और हिंसा की आग में झुलसता नजर आ रहा है। उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के एक व्यस्त बाजार में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि बाजार की कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं, सड़क पर मलबा बिखर गया और आसपास खड़ी गाड़ियां बुरी तरह तबाह हो गईं। इस हादसे में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

भीड़भाड़ वाले बाजार में मचा कोहराम
जानकारी के मुताबिक यह धमाका पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके स्थित नौरंग बाजार (Naurang Bazar) में हुआ। घटना के समय बाजार में काफी भीड़ मौजूद थी। अचानक हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। धमाके के बाद चारों तरफ धुआं, चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। कई घायलों को मलबे और क्षतिग्रस्त दुकानों के बीच से बाहर निकाला गया।
30 से ज्यादा घायल, कई की हालत नाजुक
पाकिस्तान की इमरजेंसी सेवा एजेंसी Rescue 1122 के अनुसार, धमाके में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। इनमें कई की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को इलाज के लिए बन्नू के अस्पतालों में रेफर किया गया है। THQ अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट मोहम्मद इशाक ने बताया कि अस्पताल में अब तक 37 घायल पहुंच चुके हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों के इलाज में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: जन्म से पहले ही बच्चे का ऑपरेशन! AIIMS गोरखपुर के डॉक्टरों ने कर दिखाया चमत्कार
हाल के दिनों में बढ़े आतंकी हमले
यह विस्फोट ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान पहले से ही लगातार आतंकी घटनाओं का सामना कर रहा है। कुछ दिन पहले ही बन्नू जिले में पुलिस चौकी पर बड़ा हमला हुआ था। उस हमले में कार बम विस्फोट और घात लगाकर किए गए हमले में 15 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। पाकिस्तान सरकार ने हालिया हमलों के लिए अफगानिस्तान में सक्रिय आतंकियों को जिम्मेदार ठहराया है। इस मामले को लेकर इस्लामाबाद ने तालिबान सरकार के सामने कड़ा विरोध भी दर्ज कराया था।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के रिश्तों में बढ़ा तनाव
हालांकि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के आरोपों को खारिज कर दिया है। तालिबान प्रशासन का कहना है कि पाकिस्तान के भीतर बढ़ती आतंकी घटनाएं उसका आंतरिक मामला हैं और अफगानिस्तान किसी भी आतंकी संगठन को समर्थन नहीं देता। दोनों देशों के बीच तनाव पिछले कुछ महीनों से लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसी साल पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के भीतर एयरस्ट्राइक भी की थी। पाकिस्तान का दावा था कि वहां आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली जिम्मेदारी
मंगलवार को हुए इस बाजार विस्फोट की जिम्मेदारी फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और धमाके के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान में बढ़ती अस्थिरता और सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय आतंकी समूह आने वाले समय में सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: ‘WFH अपनाइए’...24 घंटे में दूसरी बार पीएम मोदी की अपील, क्या देश पर मंडरा रहा है बड़ा संकट?


