Delhi Accident News : दिल्ली के सरिता विहार में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस एक्सीडेंट में 3 अन्य घायल हुए हैं। जिन्हें एडमिट किया गया है।
नई दिल्ली (ANI): दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक, नोएडा की तरफ से आ रहे एक डंपर ने सड़क पर खड़ी क्रेन और एक ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस ऑटो में 'सेफ सिटी प्रोजेक्ट' के तहत काम करने वाले मजदूर बैठे थे। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और तीन अन्य बुरी तरह घायल हो गए।
- यह घटना रविवार सुबह करीब 3:20 बजे सरिता विहार पुलिस स्टेशन के इलाके में रोड नंबर 13 पर हुई। उस वक्त वहां मजदूर सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम कर रहे थे। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, मजदूर सेफ सिटी प्रोजेक्ट की साइट पर काम में लगे थे, तभी डंपर ने वहां खड़ी क्रेन और ऑटो को टक्कर मार दी।
एक HR मैनेंजर और दो वर्करों की मौत
- इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों की पहचान संगम विहार के रहने वाले 23 साल के उमेश (पिता- रामदास), 35 साल के प्रवीण (पिता- अशोक कुमार) और 34 साल के एचआर मैनेजर सूरज के रूप में हुई है। सूरज के बारे में उसकी कंपनी से और जानकारी जुटाई जा रही है।
- हादसे में तीन लोग घायल भी हुए हैं। इनमें संगम विहार के रहने वाले 20 साल के आकाश (पिता- नरेंद्र) और 26 साल के अनूप (पिता- सुरेंद्र) के अलावा रोहिणी के रहने वाले 40 साल के खेम सिंह (पिता- पूरन सिंह) शामिल हैं।
- राहत की बात यह रही कि संगम विहार का ही रहने वाला एक और मजदूर सुधीर (पिता- कालेदीन) इस हादसे में बाल-बाल बच गया। उसे कोई चोट नहीं आई।
आखिर कौन है तीन लोगों की जिंदगी खत्म करने वाला
- टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान एक मीडियम साइज डंपर के रूप में हुई है। हादसे के बाद से डंपर का ड्राइवर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
- पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। फरार ड्राइवर को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी गई हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।


