Flydubai फ्लाइट में घायल हुए कैप्टन स्मित मच्छार की हालत अब कैसी है? उनकी हेल्थ को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। बता दें कि 30 सितंबर को को-पायलट ने उन्हें कॉकपिट में ही धारदार हथियार से जख्मी कर दिया था।
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत को लेकर नया अपडेट सामने आया है। हमले के बाद सऊदी अरब के तबुक में उनका इलाज चल रहा था। अब उन्हें बेहतर और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा के लिए अबू धाबी एयरलिफ्ट किया गया है। ताजा जानकारी के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है और वह इलाज के बाद रिकवर कर रहे हैं।
स्मित ने खुद दी हेल्थ अपडेट
- स्मित मच्छार ने 1 अक्टूबर को खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर हेल्थ अपडेट देते हुए लिखा- मैंने यह अकाउंट आज आप सभी के साथ एक जरूरी बात शेयर करने के लिए बनाया है।
- मैं उन सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं, जो मेरे साथ खड़े रहे, जिन्होंने मेरा साथ दिया और मुझे अपनी दुआओं में याद रखा।
- मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब मेरी सेहत खतरे से बाहर है और मैं तेजी से रिकवर हो रहा हूं।
- इस मुश्किल समय में आपकी दुआओं, सपोर्ट और शुभकामनाओं का मेरे लिए बहुत महत्व रहा है।
- मेरे लिए दुआ करने और मेरा साथ देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद। मैं आप सभी का सच में बहुत आभारी हूं।
अबू धाबी एयरलिफ्ट किए गए कैप्टन मच्छार
- शुरुआती उपचार के बाद कैप्टन मच्छार को आगे के इलाज के लिए अबू धाबी ले जाया गया है।
- रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें एयरलिफ्ट कर UAE पहुंचाया गया, जहां उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
- 1 अक्टूबर को UAE में भारतीय राजदूत दीपक मित्तल ने भी कैप्टन मच्छार से अस्पताल में मुलाकात की।
- मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि मच्छार की हालत अच्छी है और वह चोटों से उबर रहे हैं।
ये भी देखें : ओमानी नागरिक को इजराइल जाने वाली फ्लाइट में कैसे मिली ड्यूटी? जांच में उठे 5 बड़े सवाल
तबुक में हुआ स्मित मच्छार का शुरुआती इलाज
- फ्लाईदुबई की इस फ्लाइट में उड़ान के दौरान कॉकपिट में हिंसक घटना हुई थी।
- रिपोर्टों के मुताबिक, ओमानी को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया था। इस दौरान मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
- विमान को इसके बाद सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
- सुरक्षित लैंडिंग के बाद घायल कैप्टन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका शुरुआती इलाज किया गया।
- भारतीय दूतावास लगातार सऊदी अधिकारियों और उनके परिवार के संपर्क में रहा और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेता रहा।
- दूतावास की ओर से बताया गया था कि उनकी हालत स्थिर है।
हमले में सिर और हाथों पर आई थीं गंभीर चोटें
घटना के दौरान कैप्टन मच्छार को गंभीर चोटें आई थीं। रिपोर्टों में उनके सिर और हाथों पर चोटों का जिक्र किया गया है। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद मिली। विमान में मौजूद अन्य पायलटों और यात्रियों की मदद से स्थिति को संभाला गया और फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया।
ये भी पढ़ें : Flydubai: क्यों सार्वजनिक नहीं की जा रही ओमानी पायलट की डिटेल? जांच में चौंकानेवाले खुलासे
गंभीर चोटों के बावजूद नहीं छोड़ा हिम्मत का साथ
घटना के दौरान कैप्टन मच्छार की भूमिका को लेकर भारत और इजरायल में काफी चर्चा हुई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलना और यात्रियों तथा क्रू को अंदर आने का मौका देना इस घटना का अहम हिस्सा रहा। इसके बाद अन्य लोगों ने हमलावर को काबू करने और विमान को सुरक्षित उतारने में मदद की। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन मच्छार की बहादुरी की सराहना की है।



