बेस्टसेलिंग ब्रिटिश लेखक और 'केन एंड एबेल' फेम जेफ्री आर्चर के 86 साल की उम्र में निधन की पूरी खबर। जानें उनके 5 दशक लंबे करियर, 30 करोड़ से ज्यादा बिकने वाली किताबों और उनके आखिरी नॉवेल, लेखक से राजनेता और जेल तक के सफर का पूरा डिटेल्स।
Jeffrey Archer Death: साहित्य जगत से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। 'केन एंड एबेल' और 'क्लिफ्टन क्रॉनिकल्स' जैसे वर्ल्ड-फेमस नॉवेल्स से पाठकों के दिलों पर राज करने वाले मशहूर ब्रिटिश लेखक और पूर्व राजनेता जेफ्री आर्चर अब इस दुनिया में नहीं रहे। 86 साल की उम्र में उनका अचानक निधन हो गया है। उनके पब्लिशर 'हार्परकॉलिन्स' ने दुखद पुष्टि करते हुए बताया कि आर्चर सोमवार को अपने घर पर अचानक और शांति से इस दुनिया को अलविदा कह गए। खास बात यह है कि उनका आखिरी उपन्यास 'एडम एंड ईव' 6 अक्टूबर को रिलीज होने वाला है।
Jeffrey Archer: लिखते-लिखते घर पर ली आखिरी सांस
पांच दशकों से भी ज्यादा लंबे अपने शानदार राइटिंग करियर में जेफ्री आर्चर ने दुनिया भर में 30 करोड़ से अधिक किताबें बेचीं। अपनी मौत से ठीक एक दिन पहले रविवार को वह लंदन के लीसेस्टर स्क्वायर थिएटर में जाने-माने ब्रॉडकास्टर जाइल्स ब्रांड्रेथ के साथ अपने फैंस के लिए किताबें साइन कर रहे थे। उनके करीबियों का कहना है कि उस दौरान भी वे पूरी तरह ऊर्जा से भरे हुए और शानदार मूड में थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि कहानी कहने का यह बेजोड़ जादूगर इतनी जल्दी खामोश हो जाएगा।

Kane and Abel: इन किताबों से दुनिया में मिली पहचान
जेफ्री आर्चर को खास तौर पर ‘केन एंड एबेल’ और ‘क्लिफ्टन क्रॉनिकल्स’ जैसी चर्चित किताबों के लिए जाना जाता था। उनकी कहानियों ने उन्हें दुनिया के सबसे ज्यादा पढ़े जाने वाले लेखकों में जगह दिलाई। इस बीच उनका आखिरी उपन्यास ‘एडम एंड ईव’ उनकी मौत के कुछ ही दिनों बाद बाजार में आने वाला है।
Jeffrey Archer Political Career: सांसद से जेल तक पहुंचा सफर
15 अप्रैल 1940 को उत्तरी लंदन में जन्मे ने आर्चर लेखन के अलावा राजनीति में भी लंबा सफर तय किया। 1969 में वह कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद चुने गए और करीब पांच साल हाउस ऑफ कॉमन्स में रहे। बाद में पार्टी के डिप्टी चेयरमैन भी बने। हालांकि एक आपराधिक मामले ने उनका राजनीतिक करियर बदल दिया। साल 2001 में ‘डेली स्टार’ से जुड़े मानहानि मामले में झूठी गवाही और न्याय प्रक्रिया में बाधा डालने के आरोप में उन्हें चार साल की सजा सुनाई गई। 2003 में सजा काटने के बाद वे राजनीति में लौटे और हाउस ऑफ लॉर्ड्स में भी रहे, जहां से उन्होंने साल 2024 में रिटायरमेंट लिया था।

राजनीतिक हस्तियों और पब्लिशर ने दी श्रद्धांजलि
जेफ्री आर्चर के निधन पर ब्रिटेन की राजनीतिक हस्तियों और साहित्यिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। कंज़र्वेटिव पार्टी की नेता केमी बैडेनोच ने इसे बहुत बड़ा झटका बताते हुए कहा कि आर्चर ने निधन वाली सुबह ही उन्हें मैसेज किया था। वहीं हार्परकॉलिन्स यूके की सीईओ और उनकी एडिटर केट एल्टन ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनके जाने से हमने एक ऐसा लेखक खो दिया जिसने पीढ़ियों को खुशियां दीं और वे एक सच्चे दोस्त भी थे।
Geoffrey Archer Family: पत्नी मैरी के साथ 60 साल की शादी
हार्परकॉलिन्स के मुताबिक, आर्चर और उनकी पत्नी मैरी ने इसी साल शादी की 60वीं सालगिरह मनाई। कंजर्वेटिव पार्टी की नेता केमी बैडेनोच और पूर्व चांसलर नदीम जहावी समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि दी।


