गुजरात के अमरेली में पुलिस ने एक सरकारी स्कूल के टीचर को गिरफ्तार किया है। इस टीचर पर चार छात्राओं से छेड़छाड़ और एक बच्ची के साथ रेप करने का गंभीर आरोप है। 'मिशन स्माइल' के तहत हुए सेमिनार के बाद बच्चियों ने हिम्मत जुटाकर मामले का खुलासा किया।

अमरेली: गुजरात के अमरेली जिले से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां पुलिस ने एक सरकारी स्कूल के टीचर को गिरफ्तार किया है। इस टीचर पर स्कूल की चार बच्चियों के साथ छेड़छाड़ करने और एक बच्ची के साथ रेप करने का आरोप है। राजुला की डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) नयना गोराडिया ने शनिवार को इस मामले की जानकारी दी।
डीएसपी गोराडिया ने बताया कि शुक्रवार को जाफराबाद टाउन पुलिस स्टेशन में आरोपी टीचर के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और रेप की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

कैसे खुला मामला?
डीएसपी ने बताया कि अमरेली जिले में 'मिशन स्माइल' नाम का एक अभियान चल रहा है। इसके तहत जाफराबाद पुलिस स्टेशन की टीम स्कूल में बच्चों को 'गुड टच और बैड टच' (Good Touch and Bad Touch) के बारे में जागरूक करने के लिए सेमिनार कर रही थी।

'मिशन स्माइल' से आई हिम्मत

  • टीचर की ये हरकतें काफी समय से चल रही थीं। लेकिन 'मिशन स्माइल' के जरिए जब बच्चियों को सही-गलत की समझ दी गई, तो उनमें हिम्मत आई। खासकर जिस बच्ची के साथ रेप हुआ था, उसने घर जाकर अपने माता-पिता को पूरी बात बताने की हिम्मत जुटाई।"
  • डीएसपी के मुताबिक, बच्ची की बात सुनकर घरवाले तुरंत पुलिस के पास पहुंचे। इसके बाद पुलिस टीम और स्टेशन ऑफिसर सीधे स्कूल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

चाय बनाने के बहाने स्टाफ रूम में बुलाता था

गोराडिया ने बताया, “शुरुआती जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। पता चला कि आरोपी टीचर बच्चियों को चाय बनाने के बहाने स्टाफ रूम में बुलाता था। वहीं पर वह उनके साथ छेड़छाड़ करता था और इसी दौरान उसने एक बच्ची के साथ रेप भी किया।” पुलिस ने आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कस्टडी में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।