IIM बोधगया की MBA स्वाति नौकरी के लिए दिल्ली शिफ्ट हुईं, लेकिन कंपनी का ऑफिस फर्जी निकला। इस धोखे में उन्हें 75,000 रु. का आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव हुआ। बाद में कंपनी के CEO ने उन्हें ब्लॉक कर दिया।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM), बोधगया से MBA कर चुकीं स्वाति नाम की एक लड़की की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। स्वाति को एक कंपनी में अच्छी नौकरी मिली, जिसके लिए वह दिल्ली भी शिफ्ट हो गईं। लेकिन जब वह ऑफिस पहुंचीं तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि वहां कोई ऑफिस था ही नहीं। स्वाति ने अपनी लिंक्डइन पोस्ट में बताया कि इस धोखे ने उन्हें आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़कर रख दिया।

स्वाति को 'PIB इंश्योरेंस ब्रोकर्स' नाम की एक कंपनी से ऑफर लेटर मिला था। जॉइनिंग की तारीख भी बता दी गई थी। इसी भरोसे पर स्वाति दिल्ली शिफ्ट हो गईं। नए शहर में रहने की जगह खोजने और आने-जाने में उनके करीब 75,000 रुपये खर्च हो गए। उन्हें 4 मई को जॉइन करना था। जब वह कंपनी के दिए पते पर पहुंचीं, तो यह देखकर हैरान रह गईं कि वहां कंपनी का कोई ऑफिस काम ही नहीं कर रहा था। स्वाति ने दो घंटे से ज्यादा ऑफिस के बाहर इंतजार किया और कंपनी के लोगों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि उस बिल्डिंग का लीज एग्रीमेंट भी खत्म हो चुका था।
लेकिन इसके बाद भी कंपनी ने उन्हें झांसे में रखा। कंपनी ने कहा कि कर्मचारियों का आईडी कार्ड बन रहा है और तब तक के लिए उन्हें 'वर्क फ्रॉम होम' दिया जा रहा है। कंपनी हफ्तों तक जॉइनिंग की तारीख आगे बढ़ाती रही और आखिर में कहा कि उन्हें जुलाई तक इंतजार करना होगा। दिल्ली में रहने के खर्चों के चलते स्वाति की सारी बचत खत्म हो गई। तब उन्होंने कंपनी से अपने आने-जाने का खर्च वापस मांगा। स्वाति का आरोप है कि इसके बाद कंपनी के CEO ने उनका फोन नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट्स ब्लॉक कर दिए।
हालांकि बाद में स्वाति की लिंक्डइन पोस्ट डिलीट कर दी गई, लेकिन इसके स्क्रीनशॉट X (पहले ट्विटर) पर तेजी से वायरल हो गए। स्वाति का कहना है कि करियर की शुरुआत में ही एक नए शहर में अकेले आकर इस तरह के धोखे का शिकार होना, उन्हें मानसिक रूप से बहुत परेशान कर गया। स्वाति की पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कंपनी की जमकर आलोचना हो रही है। कई लोगों ने कमेंट्स में यह भी बताया कि दूसरी कंपनियां भी इसी तरह की धोखाधड़ी करती हैं।
